Wednesday , June 26 2024
Breaking News

दिल्ली में जल संकट को लेकर भाजपा और ‘आप’ ने एक दूसरे को ठहराया जिम्मेदार

नई दिल्ली

भीषण गर्मी के बीच करीब एक महीने से दिल्ली भयंकर जलसंकट का सामना कर रही है। राजधानी के अधिकतर इलाकों में लोग नहाने से पीने तक के लिए पानी की किल्लत झेल रहे हैं। टैंकर आते ही पाइप और बाल्टी-डिब्बे लिए लोग दौड़ पड़ते हैं। पानी पर राजनीति और आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के एक नेता ने इसमें हिंदू-मुसलमान वाला एंगल भी जोड़ दिया है। कभी 'आप' का अहम हिस्सा रहे कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल सरकार पानी का बंटवारा धर्म के आधार पर कर रही है। मिश्रा के आरोप पर आम आदमी पार्टी की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

कपिल मिश्रा ने एक वीडियो जारी करके आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार हिंदू इलाकों का पानी रोककर मुस्लिम बहुल इलाकों में दे रही है। दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष कपिल मिश्रा ने कहा, 'दिल्ली में पानी का जो भयानक संकट है उसका सबसे बड़ा कारण है कि इसको कुछ खास इलाकों में बांटा जा रहा है और बाकी दिल्ली का पानी रोका जा रहा है। आपको पानी की किल्लत के जितने भी वीडियो दिख रहे हैं वे गोविंदपुरी, देवली, संगम विहार, भजनपुरा, यमुना विहार, राजेंद्र नगर, आनंद पर्वत, बाहरी दिल्ली इलाकों के हैं, लेकिन सीलमपुर, जाफराबाद, सीमापुरी, पुरानी दिल्ली और जामा मस्जिद इलाकों से ऐसे वीडियो नहीं हैं।'

कपिल मिश्रा ने एलजी से मामले की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार पानी का बंटवारा धर्म के आधार पर कर रही है। उन्होंने कहा, 'मौजपुर, यमुनाविहार, भजनपुरा, गोकुलपुरी का पानी सीलमपुर के लोगों को दिया जा रहा है, सीमापुरी, बाबरपुर के इलाकों को दिया जा रहा है वह भी खास बस्तियों में जहां मुस्लिम इलाके हैं। ओखला में पानी दिया जा रहा है। पटपड़गंज का पानी अल्लाह कॉलोनी में दिया जा रहा है। त्रिलोकपुरी का पानी रोका जा रहा है। राजेंद्रनगर, करोलबाग, आनंदपर्वत का पानी जामा मस्जिद इलाके में दी जा रही है। ऐसा क्यों क्या जा रहा है। पानी भी धर्म के आधार पर बांटा जाएगा क्या। आपको बकरीद के लिए विशेष व्यवस्था करनी है करिए, लेकिन पानी का बंटवारा इस तरह धर्म के आधार पर करना ठीक नहीं है। मैं उपराज्यपाल जी से अपील करता हूं कि वो जांच कराएं कि क्या खास धर्म के इलाकों का पानी रोककर खास इलाके में भेजा जा रहा है।'

 दिल्ली की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और विपक्षी पार्टी बीजेपी के बीच तकरार तेज है। पानी के लिए हाहाकार के बीच अब बीजेपी ने AAP के खिलाफ पोस्टर वॉर छेड़ दी है। दिल्ली बीजेपी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्टर शेयर किया है। इस पोस्टर में टैंकर माफियाओं के बहाने बीजेपी ने आप के दिग्गज नेताओं पर निशाना साधा है। जो पोस्टर बीजेपी ने शेयर किया है उसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, आतिशी औऱ दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज की भी तस्वीरे हैं। इस पोस्टर में दिल्ली में पानी की किल्लत और टैंकर माफियाओं की मनमानी को दिखाया गया है।

आप के खिलाफ पोस्टर वॉर के अलावा बीजेपी सड़क पर उतर कर भी आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के नेताओं और सांसदों ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर राजधानी में जल संकट के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ शहर भर में प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदर्शनकारियों ने गंदे पानी की बोतलें लेकर 'आप' सरकार के खिलाफ नारे लगाए और राष्ट्रीय राजधानी में पानी की किल्लत के विरोध में मटके फोड़े।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि नलों से गंदा पानी पीने के लिए मजबूर होने के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने गीता कॉलोनी में विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए दावा किया कि हरियाणा, दिल्ली के हिस्से का पूरा पानी यमुना में छोड़ रहा है। सचदेवा ने आरोप लगाया, ''दिल्ली में आने के बाद पानी को टैंकर माफिया चुरा लेते हैं क्योंकि सत्तारूढ़ 'आप' के मंत्री और विधायक उनके साथ मिले हुए हैं।'' पार्टी सांसद मनोज तिवारी, बांसुरी स्वराज, रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रवीण खंडेलवाल और योगेंद्र चंदोलिया ने भी विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शनों में भाग लिया।

जल संकट BJP की देन – AAP

इधर आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने सोमवार को आरोप लगाया कि दिल्ली में जल संकट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा प्रायोजित है। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंह ने भाजपा पर राष्ट्रीय राजधानी के निवासियों के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "हमारा मानना ​​है कि प्यासे को पानी पिलाने से ज्यादा पुण्य का काम नहीं होता और पानी रोकने से बड़ा कोई पाप नहीं है।" सिंह ने आरोप लगाया, "मैं कह रहा हूं कि यह भाजपा प्रायोजित जल संकट है। भाजपा चाहती है कि दिल्ली के लोगों को पानी न मिले और वे यह सुनिश्चित करने के लिए सभी षड्यंत्र कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि दिल्ली को हरियाणा से पानी मिलता है और जब भाजपा शासित राज्य आवश्यक पानी नहीं देता है तो पानी की किल्लत हो जाती है। उन्होंने दावा किया, "हमें अपनी मांग के अनुसार पानी नहीं मिल रहा है। जब हम हरियाणा सरकार से अनुरोध करते हैं तो वह नहीं सुनती। हम उपराज्यपाल से अनुरोध करते हैं लेकिन वे आवश्यक काम नहीं करते।" कुछ सप्ताह से राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में पानी की किल्लत है। जलापूर्ति कम होने या न होने की वजह से लोग परेशान हैं तथा निजी जल टैंकर से पानी ले रहे हैं।

 

About rishi pandit

Check Also

बिहार-सिवान में कनपटी पर सटाकर युवक को मारी गोली, 10 दिन में तीसरी हत्या से दहशत

सिवान. सिवान में एक व्यक्ति को अपराधियों ने गोली मार कर उसकी हत्या कर दी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *