Tuesday , June 25 2024
Breaking News

संसद, विधानसभा, सरकारी नौकरियों में महिलाओं को देंगे 50 प्रतिशत आरक्षण : राहुल गांधी

संसद, विधानसभा, सरकारी नौकरियों में महिलाओं को देंगे 50 प्रतिशत आरक्षण : राहुल गांधी

 सांसद राहुल गांधी ने कहा कि वे राज्यसभा, लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को जगह देंगे

सरकार बनने पर हम जनता की जेब में पैसा डालेंगे : राहुल गांधी

नई दिल्ली
 दिल्ली में गुरुवार को आयोजित 'महिला न्याय संवाद' में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वे राज्यसभा, लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को जगह देंगे। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि यहां 50 प्रतिशत महिलाएं हों। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। जब तक महिलाओं को भागीदारी नहीं मिलेगी तब तक यह देश प्रगति नहीं कर सकता है।

उत्तर पश्चिमी दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार उदित राज को वोट देने की अपील करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि महिला और पुरुष दोनों ही काम पर जाते हैं, लेकिन, जब महिला घर लौटती है तो उसकी दूसरी शिफ्ट चालू होती है। वह बच्चों को पालती हैं, बच्चे बीमार हों तो उनकी देखभाल करती हैं। घर में खाना बनाती हैं, सबका ध्यान रखती हैं और इसके लिए महिलाओं को कभी कुछ नहीं दिया जाता। वह एक प्रकार से यह सबकुछ फ्री में करती हैं।

उन्होंने आगे कहा कि यह सच्चाई है कि यदि हिंदुस्तान के पुरुष 8 घंटे काम करते हैं तो महिलाएं 16 घंटे काम करती हैं। महिलाओं और पुरुषों में पैसे खर्च करने का तरीका अलग-अलग है। महिलाएं पैसे बचाती हैं, बच्चों के बारे में सोचती हैं, आगे की प्लानिंग करती हैं। महिलाओं की फाइनेंशियल सोच पुरुषों के मुकाबले बेहतर है। महिलाओं के ये जो 8 घंटे हैं, सरकार उसके लिए महिलाओं को पैसा देगी। हम नहीं चाहते कि आप फ्री में काम करो इसलिए हम 'महालक्ष्मी योजना' लाए हैं। महालक्ष्मी योजना में 8,500 प्रति माह यानी एक लाख रुपए साल के महिलाओं के बैंक अकाउंट में जाएंगे।

उन्होंने कहा कि गरीबी रेखा से नीचे रहने वाली महिलाओं को यह लाभ मिलेगा। इसके पीछे सोच यह है कि महिलाएं परिवार को फाइनेंशियली मजबूत बना सकती हैं। दूसरी बात यह है कि आप फ्री में काम करती हो, हमारी सोच यह है कि आप फ्री में काम न करो। तीसरी बात यह है कि यदि महिलाओं को पैसा दिया गया तो वे दूर दृष्टि के साथ सोचेंगी। हम जानते हैं कि महिलाओं की आवाज दबाई जाती है। घर में दबाई जाती है, समाज में दबाई जाती है, सड़कों पर आपको डराया जाता है।

राहुल गांधी ने बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने संसद में धूमधाम से महिला आरक्षण विधेयक पास किया। इसके बाद उन्होंने कह दिया कि इसे 10 साल बाद लागू करेंगे। सर्वे होगा, उसके बाद लागू करेंगे। ये लोग सर्वे ही नहीं करेंगे। 20, 25, 50 साल भी सर्वे नहीं होने वाला। उनका सबसे बड़ा संगठन आरएसएस है और आरएसएस में वे महिलाओं को लेते ही नहीं हैं। हम ऐसा नहीं करेंगे, हम आपको तुरंत महिला रिजर्वेशन देंगे।

 

सरकार बनने पर हम जनता की जेब में पैसा डालेंगे : राहुल गांधी

नई दिल्ली
 राहुल गांधी ने कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार के पक्ष में गुरुवार को दिल्ली में एक जनसभा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि इंडिया गठबंधन की सरकार आई तो किसानों का कर्ज माफ होगा। किसानों को एमएसपी का अधिकार मिलेगा। मनरेगा के लिए 400 रूपए मजदूरी दी जाएगी। आशा और आंगनवाड़ी वर्कर्स की आय दोगुनी होगी। 30 लाख सरकारी नौकरी का वादा भी उन्होंने दोहराया।

इस दौरान राहुल गांधी ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों के लिए ही वोट मांगे। इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि सरकार में आने पर वे अग्निवीर स्कीम को डस्टबिन में फेंकने वाले हैं। राहुल गांधी ने कहा कि यह योजना सेना के खिलाफ है, देश भक्तों के खिलाफ है। इससे दो अलग-अलग शहीद तैयार किए जा रहे हैं। एक को शहीद का दर्जा मिलेगा, पेंशन और कैंटीन मिलेगी, परिवार की रक्षा होगी। वहीं दूसरे को न पेंशन मिलेगी न उसके परिवार की कोई सुरक्षा होगी।

राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने जितना पैसा अरबपतियों को दिया है, उतना ही पैसा हम हिंदुस्तान के गरीबों को देंगे। 4 जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और 4 जुलाई की सुबह 9 बजे करोड़ों महिलाओं के बैंक खाते में 8500 रुपए प्रति माह आना शुरू हो जाएंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान की छोटी फैक्ट्रियां बंद पड़ी हैं। गलत तरीके से जीएसटी को लागू किया गया। हम जनता की जेब में पैसा डालेंगे, जब आपकी जेब में पैसा आएगा, महिलाओं, युवाओं के हाथ में पैसा आएगा तो वे लोग खरीदारी करेंगे और बंद पड़ी फैक्ट्रियां फिर से चालू हो जाएगी। फैक्ट्रियां खुलने पर यहां युवाओं को नया रोजगार मिलेगा।

उन्होंने कहा हम 30 लाख सरकारी नौकरियों के अलावा 'पहली नौकरी पक्की' योजना ला रहे हैं, जिसके तहत युवाओं को पहले साल की नौकरी और ट्रेनिंग मिलेगी। इसमें युवाओं की जेब में पैसा डालकर अर्थव्यवस्था के इंजन को स्टार्ट किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया और कहा कि ये चाहते हैं जो हिंदुस्तान के 90 प्रतिशत लोग हैं जिनमें दलित, आदिवासी, ओबीसी, अल्पसंख्यक हैं उनकी कोई जगह न हो। ये चाहते हैं कि जैसे पहले हिंदुस्तान को राजा महाराजा चलाते थे, 21वीं सदी में भी राजा महाराजा हिंदुस्तान को चलाएं।

राहुल गांधी ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि उनके नेताओं ने खुलकर कहा है कि अगर उनकी सरकार आ गई तो अंबेडकर जी के संविधान को बदल देंगे। उन्होंने कहा, "मैं बीजेपी से कहना चाहता हूं कि आपके सामने कांग्रेस पार्टी खड़ी है और हम ऐसा नहीं होने देंगे। इस संविधान से आरक्षण मिलता है, लोकतंत्र मिलता है, चुनाव होते हैं, मनरेगा आदि यह सब संविधान से ही मिला है।"

राहुल गांधी ने कहा कि यह आरक्षण हटाने की बातें करते हैं और हमने कहा है कि हम सरकार में आने पर आरक्षण की सीमा 50 प्रतिशत से बढ़ाकर और ऊपर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद देश भर के गरीब परिवारों की एक सूची तैयार की जाएगी और हर परिवार में से एक महिला को साल के एक लाख रुपए दिए जाएंगे।

 

 

About rishi pandit

Check Also

बुधनी सीट पर कांग्रेस की नजर, उपचुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, जयवर्धन ने बनाई रणनीति

भोपाल  कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गढ़ बुधनी विधानसभा में उपचुनाव की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *