Monday , May 20 2024
Breaking News

MP: राहुल गांधी को आलू देकर भाजपा कार्यकर्ता ने कहा- सोना दीजिए, वो बोले- अगली बार लेकर आऊंगा

  1. महाकाल मंदिर में भी राहुल गांधी के सामने लगे मोदी-मोदी के नारे
  2. महाकाल दर्शन के बाद राहुल गांधी ने उज्जैन में किया रोड शो
  3. राहुल ने कहा- बड़े उद्योगपतियों, अधिकारी वर्ग में दलित, पिछड़े वर्ग के लोग नहीं

Madhya pradesh ujjain bharat jodo nyay yatra bjp worker gave potato to rahul gandhi and said give gold he said i will bring it next time: digi desk/BHN/उज्जैन-शाजापुर/ कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मंगलवार को शाजापुर और उज्जैन पहुंची। शाजापुर में टंकी चौराहे पर एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने बेरोजगारी का मुद्दा छेड़ा। कहा कि आज के कई युवा मोबाइल में व्यस्त हैं। रील देखते रहते हैं। यह वो मोबाइल हैं, जो चीन में बने हैं। हिंदुस्तान के अरबपतियों ने चीन का माल यहां बेचा। फायदा चीन के युवाओं को हुआ।

राहुल ने यहां तक कहा कि मोदीजी चाहते हैं कि आप दिन भर मोबाइल देखो, जय श्री राम कहो और भूखे मर जाओ। राहुल के काफिला के गुजरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी के नारे भी लगाए। यह सुनकर राहुल उनके पास पहुंच गए। इस दौरान एक कार्यकर्ता ने राहुल को आलू दिया और कहा सोना दीजिए। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि अगली बार सोना लेकर आऊंगा।

शाजापुर के बाद राहुल गांधी शाम को उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने महाकाल मंदिर में दर्शन किए। शिवनवरात्र होने के कारण दोपहर तीन बजे बाद किसी भी वीवीआइपी को गर्भगृह में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। यह महाकाल के विशेष शृंगार का समय होता है। इस कारण राहुल गांधी ने गर्भगृह की दहलीज से भगवान के दर्शन किए।

इसके बाद नंदी हॉल में जाकर पूजा अर्चना की और ध्यान लगाया। पुजारियों ने उन्हें रुद्राक्ष की माला, दुपट्टा और पुष्प हार पहनाकर स्वागत किया। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी मौजूद थे। 14 मिनट मंदिर में रुकने के बाद राहुल उज्जैन में रोड शो के लिए निकल गए। इसी दौरान गणेश मंडपम् पर खड़े कुछ लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल-राहुल के नारे लगाए।

बड़े उद्योगपतियों, अधिकारी वर्ग में दलित, पिछड़े वर्ग के लोग नहीं

उज्जैन में रोड शो के बाद राहुल गांधी ने देवास गेट पर सभा को संबोधित किया। जातीय जनगणना जैसे मुद्दे फिर उठाए। कहा कि आज देश में बड़े उद्योगपतियों, शीर्षस्थ अधिकारियों को देखें तो पता करना चाहिए कि इनमें कितने दलित और पिछड़े वर्ग के हैं। नहीं मिलेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 16 लाख करोड़ रुपये 20-25 बड़े उद्योगपतियों का कर्ज माफ कर दिया, मगर किसानों और छोटे व्यवसाय करने वालों का नहीं। आज बैंकों में लोन लेने जाओ तो कहा जाता है कि नहीं देंगे। राहुल गांधी ने कहा कि हमने भारत जोड़ो के साथ न्याय यात्रा शब्द इसलिए जोड़ा है कि क्योंकि आज भारत में लोगों के साथ अन्याय हो रहा है। सारा धन दो-तीन अरबपतियों को दिया जा रहा है।

2022 में भी भारत जोड़ो यात्रा के साथ आए थे राहुल

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 20 साल में पांचवीं बार उज्जैन आए हैं। वे सबसे पहले साल 2004 में उज्जैन आए थे। 5 अक्टूबर 2010 को कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए थे। इसके बाद संकल्प यात्रा के दौरान 29 अक्टूबर 2018 में उनका आना हुआ था।

वर्ष 2022 में निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा के समय उन्होंने यहां सभा को संबोधित किया था। मंगलवार को वे यहां न्याय यात्रा लेकर पहुंचे और रोड शो कर सभा को संबोधित किया। बता दें कि सिर्फ वर्ष 2004 को छोड़कर जब भी राहुल यहां आए भगवान महाकाल के दर्शन करने जरूर गए।

लोकसभा चुनाव में 12 से 13 सीटें लाएंगी कांग्रेस : कमल नाथ

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने मंगलवार को उज्जैन पहुंचे। यहां पत्रकारों से चर्चा में दावा किया कि प्रदेश की 29 में से 12 से 13 सीटें कांग्रेस जीतेगी। खुद के भाजपा में शामिल होने की बात भी नकारी। कमल नाथ ने कहा कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। नकुल नाथ चुनावी मैदान में उतरेंगे। भाजपा को घेरते हुए कहा कि इन्वेस्टर समिट आदि सब दिखावा है।

शिवराज भी यही करते थे। प्रश्न यह है कि आर्थिक गतिविधि कैसे बढ़े। लोगों को रोजगार कैसे मिले। भाजपा केवल हवाबाजी-माहौल बनाने की राजनीति करती है। छिंदवाड़ा सीट पर भाजपा की मशक्कत से जुड़े एक प्रश्न पर कमल नाथ ने कहा कि मेरा छिंदवाड़ा की जनता से 45 साल पुराना नाता है।

मुख्यमंत्री यादव बोले- राहुल को पश्चाताप करना चाहिए

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि उज्जैन देवनगरी है। राहुल अच्छे से दर्शन कर लें। मेरी शुभकामना है। भगवान उन्हें सद्बुद्धि् दें। राहुल को पश्चाताप भी करना चाहिए। उन्होंने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के आमंत्रण को स्वीकार नहीं किया था।

जिस पार्टी ने देश के साथ न्याय नहीं किया, वे अब न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी की यात्रा को लेकर कहा कि बगुला भक्ति से कुछ नहीं होने वाला। कांग्रेस और राहुल दोनों दिशाहीन हैं। वे खुद को दिशा नहीं दे पा रहे हैं तो देश को क्या दिशा देंगे।

About rishi pandit

Check Also

निजी मेडिकल कॉलेज में एक जूनियर डॉक्टर ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली

देहरादून देहरादून के एक निजी मेडिकल कॉलेज में एक जूनियर डॉक्टर ने कथित तौर पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *