सतना, भास्कर हिंदी न्यूज/ सतना शहर में रहने वाली 5 साल की नाबालिग बच्ची दुष्कर्म का शिकार हुई है। उसके साथ यह घिनौनी घटना को अंजाम देने वाला हाल ही में दुष्कर्म के मामले में जेल से सजा काटकर निकला व्यक्ति है। बालिका को सतना से मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया गया है।
भिक्षा मांग कर जीवनयापन करती है मासूम
शहर में तालाब किनारे बने एक मंदिर के पास रहकर भिक्षाटन करने वाली एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पीड़िता की उम्र महज 5 वर्ष है। वह एक वृद्धा के साथ रहकर भिक्षाटन के जरिए जीवन-यापन करती है। इस शर्मनाक घटना के आरोपी के तौर पर राकेश वर्मा (35) निवासी जीवन ज्योति कॉलोनी सतना का नाम सामने आया है। राकेश अभी हाल ही में दुष्कर्म के मामले में ही जेल से सजा काटकर बाहर आया है।
बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया आरोपी
बताया गया है कि बुधवार की शाम लगभग साढ़े 5 बजे राकेश बहला फुसला कर बालिका को अपने साथ ले गया था। कुछ देर बाद वह लहूलुहान हालत में बालिका को गोद में लेकर जाता हुआ दिखाई पड़ा। इस वक्त तक स्थानीय लोगों की सूचना की तस्दीक के लिए सिटी कोतवाली पुलिस खेरमाई रोड तक पहुंच गई थी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस आरोपी और बालिका को थाने ले आई, जहां बालिका बेहोश हो गई। पुलिस उसे जिला अस्पताल ले आई है जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया गया है।
Bhaskar Hindi News