Congress Mayor Candidates in MP: digi desk/BHN/ भोपाल/ नगरीय निकाय चुनाव के लिए महापौर पद के प्रत्याशियों के नाम तय करने और चुनाव की रणनीति बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के आवास पर बैठक चल रही है। इसमें जिले के प्रभारी, विधायक, नगरीय निकाय के प्रभारी, पूर्व विधायक सहित वरिष्ठ नेता हिस्सा ले रहे हैं। इसमें प्रभारी की रिपोर्ट पर विचार किया जाएगा। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि एक-दो दिन में महापौर पद के प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बुधवार को देर शाम कोर ग्रुप के साथ निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक की। इसमें तय किया गया कि विधानसभा चुनाव की तर्ज पर निकाय चुनाव लड़ा जाएगा। सभी वरिष्ठ नेताओं को इसमें जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। सभी सहयोगी संगठन के पदाधिकारियों को मतदाता संपर्क अभियान चलाने के साथ मतदान केंद्र का प्रबंधन देखना होगा। प्रत्येक निकाय स्तर पर आरोप पत्र और वचन पत्र जारी होगा। प्रदेश पदाधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को होने वाली बैठक में एक-एक नगर निगम के चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। महापौर के साथ-साथ पार्षद पद के लिए प्रत्याशियों के चयन के लिए जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा तैयार रिपोर्ट पर विचार होगा।
दिग्विजय और कमल नाथ कर चुके हैं बैठक
सूत्रों के मुताबिक नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ के साथ बैठक कर चुके हैं। इसमें महापौर पद के संभावित दावेदारों के नाम पर चर्चा भी हो चुकी है। कुछ सीटों के लिए नाम भी तय कर लिए गए हैं। इसमें भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, सागर, सिंगरौली और रीवा शामिल हैं। ग्वालियर और मुरैना में आम सहमति बनाई जानी है तो खंडवा और बुरहानपुर में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव से चर्चा होनी है, जो गुरुवार को संभावित है।
Bhaskar Hindi News