-
– चुराई गई रकम करोड़ों में, अय्याशी में उड़ा दिए
-
– ‘ससुराल” असम हवाई जहाज से जाता था काटने, वहीं आई लड़की पसंद तो खरीदकर कर ली शादी
MP, khurshid learned how to rob an atm from a thief tips from youtube: digi desk/BHN/ग्वालियर/ क्या आप यकीन कर सकते हैं कि कोई पांचवीं पास व्यक्ति एक,दो नहीं पूरे दो सैकड़ा एटीएम को काटकर उसमें से करोड़ों रुपये उड़ा सकता है। सुनने में यह थोड़ा
अविश्वसनीय लगे लेकिन है एकदम सही। मुरैना और ग्वालियर पुलिस ने हरियाणा के पलवल से 35 साल के एक ऐसे ही शातिर ‘बैंक के दुश्मन” को पकड़ा है। पूछताछ में उसने बताया कि जब वह 25 साल का था तब वीडियो स्ट्रीमिंग साइट यूट्यूब से उसने यह सीखा कि गैस कटर को किस तरह चलाएं जिससे एटीएम के अंदर रखे नोट नहीं जलेंगे। एक बार ‘प्रयोग” सफल रहा तो उसके बाद उसने करीब 200 एटीएम पर यह ‘कला” आजमा कर बैंकों को करोड़ों रुपये का चूना लगा दिया। हालांकि अधिकांश पैसा उसने अय्याशी पर ही उड़ा दिया। बता दें कि ग्वालियर चंबल अंचल में लगातार एटीएम काटने की वारदात हो रहीं थी इसी सिलसिले में मुरैना पुलिस टीम पलवल से मंगलवार को इस शातिर को पकड़कर लाई है।
हरियाणा के पलवल जिला, हथीन थाना क्षेत्र के अंदरोला गांव में सोमवार की दोपहर मुरैना-ग्वालियर पुलिस ने दबिश देकर गांव वालों के भारी विरोध और कुछ लोगों की फायरिंग के बीच खुर्शीद पुत्र मदारी खान को पकड़ा था, जो गैस कटर से एटीएम काटने वाली गैंग का मुखिया निकला। एसपी आशुतोष बागरी ने बताया कि बदमाशों की यह गैंग दस साल में मप्र, राजस्थान, उप्र, हरियाणा, पंजाब, ओडिसा, दिल्ली, छत्तीसगढ़ के अलावा देश के कई राज्यों में 200 से ज्यादा एटीएम काटकर करोड़ों रुपये चुरा चुकी है। मास्टरमाइंड खुर्शीद पहले डंपर पर ड्राइवरी करता था। जगह-जगह सूने एटीएम देखकर उसे एटीएम से रुपये चुराने का आइडिया आया और उसने ऐसे दर्जनों चोर तैयार कर लिए। पहले तो एटीएम को उखाड़कर गाड़ी में लादकर ले जाते। बाद में उसे काटकर रुपये चुराते। पांच साल पहले उसे राजस्थान का एक शातिर चोर ईसब खान ने एटीएम को काटने की तरकीब बताई। इसके बाद यू-ट्यूब के जरिए एटीएम की संरचना को समझा और जाना कि किस एंगल से गैस कटर से काटने पर एटीएम में रखे रुपये जलेंगे नहीं। उसने लाखों रुपये खर्च कर एक हाईप्रेशर का गैस कटर खरीदा, जिसे वह अपने साथियों को एटीएम काटने के लिए भाड़े पर भी देता था।
गृहमंत्रालय तक का हुआ दखल तब मिला पलवल पुलिस से सहयोग
एटीएम चोरों ने मुरैना में पहली वारदात 16-17 दिसंबर की रात जौरा रोड पर एसबीआइ के एटीएम से 27 लाख रुपये चुराकर की थी। तभी इनकी पहचान व लोकेशन मिल गई थी और पुलिस ने हरियाणा के हथीन थाना क्षेत्र के गांवों में दबिश दी, लेकिन इस दौरान हथीन थाना व पलवल पुलिस ने मुरैना टीम का सहयोग नहीं किया और टीम को वापस लौटना पड़ा। हालही में ग्वालियर में एक ही रात में तीन एटीएम कटने के बाद अंचल के पुलिस अफसरों से लेकर गृह मंत्रालय तक ने पलवल सरकार व पुलिस के उच्च अफसरों से संपर्क साधा और उच्च स्तर पर हुए फैसले के बाद मुरैना पुलिस शातिर बदमाशों के गढ़ में घुसकर मास्टरमाइंड को दबोच लाई।
असम में एटीएम काटकर चोरी किए थे 40 लाख, प्लेन से आया था वापस
खुर्शीद ने गैंग के साथ मिलकर असम में एटीएम काटकर 40 लाख रुपये चोरी किए थे। इसी दौरान असम की एक गरीब लड़की को खरीदकर शादी की थी। असम में चोरी के बाद फ्लाइट से वापस आया था। इस घटना की तफ्तीश में उसके साथी पकड़े गए थे, जिसके बाद पुलिस ने खुर्शीद को भी गिरफ्तार किया था। खुर्शीद 2019 में हथीन थाना क्षेत्र में ही पकड़ा जा चुका है, इससे बाद 2020 में अलवर के भिवाड़ी में पकड़ा गया था। 2012 में असलम और कर्ण पंडित गैंग का सदस्य रह चुका है।
जब खुद नहीं जाता था तो टीम भेजता था,10 फीसद लेता था कमीशन
खुर्शीद ने अपने साथी आदिल खान, शहजाद खान, मुबारिक मोहम्मद के साथ मिलकर मुरैना के जौरा रोड व मिल एरिया रोड पर एसबीआइ के दो एटीएम काटकर 48 लाख से ज्यादा चुराए हैं। जबकि ग्वालियर व शिवपुरी में एटीएम उसने अपने साथियों से कटवाए। खुर्शीद अपनी टीम भी एटीएम काटने भेजता था और उनसे दस फीसद कमीशन लेता था।
पूरा गांव मवेशी तस्कर, पुलिस देख कर देते हैं हमला
एटीएम चोरी का मास्टरमाइंट खुर्शीद खान, पलवल जिले के हथीन थाना क्षेत्र के अंदरोला गांव का है। यह गांव मुस्लिम बाहुल्य है, जहां के अधिकांश लोग मवेशी चोरी व तस्करी का काम करते हैं। दो माह में इन बदमाशों की तलाश में मुरैना पुलिस 5 पांच बार इस गांव में गई, इसी दौरान यह जानकारी जुटाई। पुलिस टीम के अनुसार गांव के हर घर मंे एक से बढ़कर एक कार हैं, लेकिन किसी भी कार में पीछे की सीट नहीं होती। पीछे की सीट को खुलवाकर रात के समय इन्हीं वाहनाें में रखकर मवेशियों को लाते हैं और बूचड़खानों में बेच देते हैं।
हर वारदात में बदल देता था वाहन
खुर्शीद का कहना है कि हर वारदात में वह वाहन बदल देता था। जिससे पुलिस की पकड़ में न आ सके। इस बार उसने दिल्ली के अजय जैन की कार की नंबर प्लेट लगाकर वारदात को अंजाम दिया था। जब फुटेज में वाहन का नंबर मिलने पर पुलिस दिल्ली पहुंची तो गाड़ी घर के गैराज में रखी मिली थी। वहीं जिस गाड़ी से बदमाश आए उसके आने का रूट पलवल की ओर से आने का पता चला था।
स्थानीय कनेक्शन टटोल रही पुलिस
पुलिस का मानना है स्थानीय व्यक्ति की मदद के पलवल से आकर कोई इतनी बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे सकता। जिस दिन वारदात हुई उस दिन कुछ लोग बदमाशों के साथ सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं उनकी पड़ताल की जा रही है। मेवाती महोल्ला से भी इन बदमाशों के तार जुड़े हुए मिल रहे हैं। सेवा नगर में पिछले पांच साल में कुछ लोग नए आकर किराये से या घर लेकर रहने लगे हैं। पुलिस अब इनकी पूरी जानकारी खंगाल रही है।
Bhaskar Hindi News