Rahul dravid replies question on virat kohli unceremonious sacking as odi captain: digi desk/BHN/सेंचुरियन/ भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने सीमित ओवरों के क्रिकेट में विराट कोहली की कप्तानी को लेकर चयनकर्ताओं से हुई किसी तरह की बातचीत का ब्यौरा देने से शनिवार को यह कहकर इनकार कर दिया कि यह मीडिया के जानने के लिए नहीं है। आम तौर पर किसी सीरीज के शुरुआती टेस्ट से पहले भारतीय कप्तान मीडिया से रूबरू होते हैं लेकिन रविवार से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बाक्सिंग डे टेस्ट से पहले द्रविड़ प्रेस वार्ता करने आए।
कोहली ने टी-20 प्रारूप में कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया और बाद में वनडे टीम की कप्तानी भी रोहित शर्मा को सौंप दी गई। द्रविड़ ने कहा, ‘यह चयनकर्ताओं का काम है और उनसे मेरी क्या बातचीत हुई या नहीं हुई, मैं उसके बारे में कुछ नहीं बोलूंगा। यह उसका समय और स्थान नहीं है। वैसे भी मेरी जो भी बातचीत हुई है वह मीडिया तक तो नहीं आने वाली। मैं किसी को नहीं बताऊंगा कि क्या बात हुई है।’
भारत के लिए हालांकि, दक्षिण अफ्रीका में चिंता की बात उसके मध्यक्रम के बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा का बल्ले से संघर्ष करना है। रहाणे ने हाल ही में टेस्ट टीम की उपकप्तानी गंवाई है, ऐसे में अगर उन्हें मौका दिया जाता है तो उनपर प्रदर्शन करने का दबाव होगा क्योंकि हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर में अपने पदार्पण टेस्ट में ही शतक लगाने वाले श्रेयस अय्यर भी अंतिम एकादश में जगह पाने के दावेदार में से एक हैं।
द्रविड़ ने कहा, रहाणे के साथ बातचीत सकारात्मक और काफी अच्छी रही। उन्होंने इस सप्ताह अच्छा अभ्यास किया है। कई अन्य खिलाडि़यों के साथ बातचीत में कोई भिन्नता नहीं रही। रहाणे अच्छी स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। सीरीज से पहले अभ्यास मुकाबले नहीं होने पर कोच ने कहा, इस वक्त यह हमारे हाथ में नहीं है। कोरोना की स्थिति को देखते हुए कार्यक्रम तय हो रहे हैं और हमेशा जो आप चाहते हैं वह मिलना आसान नहीं होता।
Bhaskar Hindi News