Indian railway issues order to drop special train tag revert to pre covid fares: digi desk/BHN/नई दिल्ली/भारतीय रेलवे ने किराए में बढ़ोतरी को लेकर यात्रियों के दबाव में शुक्रवार को मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों से ‘स्पेशल’ टैग को हटाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही तत्काल प्रभाव से कोरोना महामारी के पहले की टिकट की कीमतों पर यात्रा कराने का आदेश जारी किया। कोरोना महामारी के कारण लाकडाउन में ढील देने के बाद रेलवे केवल विशेष ट्रेनें चला रहा था। इसकी शुरुआत लंबी दूरी की ट्रेनों से हुई थी और बाद में कम दूरी की यात्रा के लिए भी अधिक किराए के साथ विशेष ट्रेनों को चलाया जा रहा था ताकि लोग तभी यात्रा करें जब बहुत जरूरी हो।
रेलवे बोर्ड ने देर शाम को एक सर्कुलर जारी किया। सर्कुलर के मुताबिक, ट्रेनों के प्रकार और यात्रा को लेकर नए दिशा-निर्देशों के साथ नियमित किराए का संचालन किया जाएगा। कोरोना महामारी के नियंत्रण में होने के साथ मंत्रालय ने शुक्रवार की बैठक में कोरोना से पहले के अनुसार ट्रेनों को फिर से चलाने का फैसला किया।
बता दें कि कोरोना महामारी से पहले लगभग 1700 मेल एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही थीं, लेकिन महामारी के कारण इन ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा था। महामारी से देश के प्रभावित होने के बाद से भारतीय रेलवे पूरे देश में पूर्ण आरक्षण के साथ विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। इन विशेष ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को सामान्य ट्रेनों की तुलना में 30 फीसद ज्यादा किराया देना पड़ता था।
Bhaskar Hindi News