सिंगरौली, भास्कर हिंदी न्यूज़। बैढन थाना अंतर्गत बसौड़ा गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी का गला काट कर पहले हत्या कर दी और फिर उसके सिर को भगवान शंकर को चढ़ा दिया। इस ख़ौफ़नाक वारदात से पूरा गांव सहम उठा। जिसने भी इस घटना को सुना वह दंग रह गया।
हासिल जानकारी के मुताबिक बसौड़ा गांव में रहने वाले ब्रजेश केवट का अपनी पत्नी बिट्टी केवट से बीती रात वाद विवाद हो गया। झगड़ा ने इतना तूल पकड़ लिया कि गुस्से में ब्रजेश ने अपनी पत्नी का गला रेत कर हत्या कर दी। हत्या की खबर जब पुलिस तक पहुंची तो जिले के एसपी समेत पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच पड़ताल शुरू की।
बेटे ने बताई कहानी
जांच पड़ताल के दौरान पुलिस ने जब मृतिका के बेटे से पूछताछ की तो उसने बताया कि बीती रात उसके मां-बाप के बीच जमकर विवाद हुआ था और उसके पिता ने ही माँ का गला काट कर मार डाला। बेटे के बयान पर पुलिस ने घर से कुछ दूर जाकर देखा तो वह भी सन्न रह गई। मृतिका का सिर धड़ से पूरी तरह अलग था और जमीन में गड़ा था। साथ ही सिर के आस -पास पूजा की सामग्री भी बिखरी पड़ी थी। पुलिस को समझते देर नही लगी कि पूरी वारदात नरबलि के लिए अंजाम दी गयी थी।
सूत्रों के मुताबिक आसपास के कई गांवों में कुलदेवी को प्रसन्न करने के लिए पशुओं की बलि देने के मामले सामने आते रहे हैं। कहा यह भी जाता है कि किसी विशेष मन्नत के लिए तांत्रिक क्रियाओं में नरबलि की घटनाएं भी यदा-कदा सामने आती रही हैं। जानकारों के अनुसार यह हत्या भी नरबलि से जुड़ी हो सकती है। बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हत्या का आरोपी फरार बताया गया है जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
Bhaskar Hindi News