When asked for money: digi desk/BHN/भोपाल/गौतम नगर थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ तीन तलाक का केस दर्ज किया है। फरियादी महिला का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने घर खर्च के लिए अपने शौहर से पैसे मांगे थे। फिलहाल आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
गौतम नगर थाना पुलिस के मुताबिक अटल अय्यूब नगर निवासी 26 वर्षीय महिला की शादी चार साल पहले अफसर नाम के युवक से हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। पिछले कुछ माह से अफसर ने घर में खर्च के लिए पैसे देना बंद कर दिया था। जिसके चलते महिला को गृहस्थी चलाना मुश्किल हो रहा था। वह पति से खर्च के लिए रुपये मांगती थी, तो पति उससे मारपीट करने लगता था। कुछ दिन पहले इसी मुद्दे पर अफसर ने पत्नी के साथ जमकर मारपीट कर दी। इसके बाद तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। इसके बाद महिला अपने भाई के घर जाकर रहने लगी थी। मंगलवार को महिला थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पति के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।