Road accdient: digi desk/BHN/बड़वानी जिले के नागलवाड़ी स्थित शिखर धाम जाने के दौरान मंगलवार को श्रद्धालुओं से भरा पिकअप वाहन असंतुलित होकर खाई में गिर गया। दुर्घटना में कुल चार लोगों की मौत हो गई और 15 से अधिक घायल हुए हैं। जानकारी अनुसार धार जिले के ग्राम टवलई के करीब 28 श्रद्धालु पिकअप में सवार होकर नागलवाड़ी शिखर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। इस दौरान चढ़ाई पर सामने से आ रहे वाहन को साइड देने में पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप वाहन पलट कर खाई में जा गिरा।
दुर्घटना में 10 वर्षीय बालक जतिन पिता रवि की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 14 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इनमें से तीन को जिला अस्पताल में मृत घोषित किया गया। इन तीन मृतकों में 19 वर्षीय नंदिनी पिता मना, 35 वर्षीय किरण पति मुकेश और 26 वर्षीय दिलीप पिता मांगीलाल शामिल है। शेष 11 घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं सामान्य घायलों का नागलवाड़ी में प्राथमिक उपचार किया गया। इस घटना के बाद नागलवाड़ी मंदिर संस्थान द्वारा मृतकों के परिजनों को 5-5 हजार व घायलों को 2-2 हजार रुपये की सहायता राशि की घोषणा की गई।
लगी लोगों की भीड़
दुर्घटना की सूचना लगते ही नागलवाड़ी घाट पर ग्रामीणों व बाहर से आए श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने खाई में गिरे वाहन में सवार घायलों को तुरंत बाहर निकाला। वहीं सूचना पर नागलवाड़ी पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायलों को पहले नागलवाड़ी प्राथमिक अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। ज्ञात हो कि सावन माह के चलते इस समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु नागलवाड़ी शिखर धाम भीलट देव के दर्शन करने वाहनों से पहुंच रहे हैं।
Bhaskar Hindi News