Tuesday , November 3 2026
Breaking News

नई सरकार ने छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान किया तेज, सुरक्षा बलों ने स्मारक को किया ध्वस्त

रायपुर

छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोध अभियान में तेजी ला दी है और इसके नतीजे भी सामने आने लगे हैं। एक तरफ जहां 11 नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई है, वहीं नक्सलियों के स्मारक को भी ढहा दिया गया है। राज्य में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद नक्सली गतिविधियों में तेजी आ गई थी, सत्ता में हुए बदलाव के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जवानों की शहादत को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान तेज करने के निर्देश दिए।

उसके बाद सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान चलाया है और उसके चलते नक्सलियों की तलाश तेज की गई है। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत बस्तर अंचल के सुदूर इलाकों में एरिया डामिनेशन और काम्बिंग शुरू कर दी गई है। बड़े पैमाने पर सर्चिंग की जा रही है।

नक्सलियों के स्मारक को गिराया
इसी सिलसिले में सुकमा जिले के सलातोंग गांव के मध्य नक्सलियों द्वारा बनाया गया विशालकाय स्मारक पुलिस के जवानों की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के निर्देशन में एएसपी नक्सल ऑपरेशन प्रभात कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस जवान सलातोंग गांव पहुंचे और गांव के बीच बने नक्सली स्मारक को जेसीबी के माध्यम से ध्वस्त कर दिया। पूरे जिले में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

वहीं, दूसरी ओर पुलिस एवं केन्द्रीय बलों के जवानों द्वारा संयुक्त रूप से शुरू हुए सर्चिंग अभियान में भी बड़ी सफलता मिली है। दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले में 11 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। यह सभी बड़ी वारदातों में शामिल रहे हैं।
 

सीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक में दिए थे निर्देश
ज्ञात हो कि बीते कुछ दिनों से बस्तर अंचल में नक्सली हमले में आयी तेजी को देखते हुए मुख्यमंत्री साय ने पुलिस विभाग के आला अधिकारियों की आपात बैठक लेकर इन घटनाओं की रोकथाम और नक्सलियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राज्य में विशेषकर बस्तर अंचल में पुलिस और केन्द्रीय बल के जवानों द्वारा संयुक्त रूप से संवेदनशील इलाकों में सर्चिंग का अभियान तेज कर दिया गया है। माओवादियों की मौजूदगी को लेकर पतासाजी शुरू कर उनकी धरपकड़ का अभियान शुरू कर दिया गया है।

About rishi pandit

Check Also

राज्योत्सव पर मोहकता एवं वैभव लिए अभिव्यक्त हो रही भारतीय बहुमूल्य हथकरघा परम्परा

रायपुर भारतीय हथकरघा की बहुमूल्य धरोहर मोहकता एवं वैभव लिए हुए अभिव्यक्त हो रही है। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *