Madhya pradesh barwani pregnant woman was made to cross the overflowing drain by keeping her in a bag villagers demanded to build a culvert: digi desk/BHN/बड़वानी/ पानसेमल क्षेत्र की ग्राम पंचायत पन्नाली के वनग्राम खामघाट में पहुंच मार्ग और नाले पर पुलिया की कमी बरकरार है। ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह है कि मरीजों को झोली में लाना ले जाना पड़ता है। वर्षाकाल में समस्या बढ़ जाती है। नाले की बाढ़ को पार कर आपात स्थिति के मरीज को पैदल एंबुलैंस और अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। शनिवार शाम को भी यही स्थिति बनी। एक बीमार महिला को झोली में एंबुलेंस तक पहुंचाया। रास्ते में नाले की बाढ़ को भी लोगों ने पैदल ही पार किया।
ग्राम के रायसिंह पटेल ने बताया कि वर्षाकाल में मार्ग की स्थिति अधिक खराब है। उन्हें किसी गंभीर मरीज या गर्भवती महिला को झोली में करीब तीन से चार किलोमीटर पैदल चलकर एंबुलेंस के निकट पहुंचना पड़ता है। कभी-कभी मार्ग में नाले में अचानक पानी बढ़ने से कुछ समय इंतजार भी करना होता है। इस दौरान मरीज की हालत गंभीर होने की संभावना बनी रहती है।
गर्भवती को झोली में डालकर पार कराया नाला
शनिवार शाम को भी ऐसे ही हालात बने और गांव की बीमार गर्भवती रिंगाबाई को झोली में डालकर नाले की बाढ़ को पार कर जैसे-तैसे अस्पताल पहुंचाया। रास्ते व पुलिया की समस्या के हल के लिए ग्राम पटेल और ग्रामीणों नेकई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई हैं। अभी तक कोई हल नहीं निकला है।
ग्रामीणों की पुलिया बनाने की मांग
शनिवार को इसी तरह वे आशा कार्यकर्ता और परिवार के सदस्यों के साथ ग्राम की एक महिला को जद्दोजहद के बाद एंबुलेंस तक लेकर पहुंचे। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर प्राथमिक इलाय करवाया। उसकी स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रैफर किया है। ग्रामीणों को लंबे समय से नाले पर पुलिया और मार्ग निर्माण का इंतजार बना हुआ है।
विद्यार्थियों को भी नाले को करना पड़ता है पार
ग्राम के पटेल ने पत्रकारों ने बताया कि उनके ग्राम में विद्यालय का भवन भी नहीं है। एक झोपड़ी में विद्यालय संचालित किया जा रहा है। विद्यालय प्राथमिक है और अधिक बारिश से शिक्षक भी कभी-कभी पैदल चलकर विद्यालय पहुंचते हैं। वर्षाकाल में विद्यार्थी भी जान जोखिम में डालकर नाले की बाढ़ को पार कर घर से विद्यालय और विद्यालय से घर जाते हैं।
जनपद पंचायत क्षेत्र में आने वाली ग्राम पंचायत पन्नाली के वनग्राम खामघाट में पहुंच मार्ग की समस्या होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी बनी हुई हैं। बारिश के दौरान आसपास क्षेत्र के निवासी आज भी इस परेशानी से जूझते नजर आ रहे हैं।
Bhaskar Hindi News