Tuesday , April 30 2024
Breaking News

MP: संत रविदास जयंती से आरंभ होंगी विकास यात्राएँ : मुख्यमंत्री श्री चौहान


5 फरवरी को मंत्रीगण संत रविदास को नमन कर आरंभ करेंगे विकास यात्राएँ

भोपाल/सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि संत रविदास जी की जयंती 5 फरवरी से प्रदेश में विकास यात्राओं का क्रम आरंभ होगा। संत रविदास को नमन कर विकास यात्राएँ शुरू की जाएंगी। विकास यात्रा में पूर्ण निर्माण कार्य का लोकार्पण तथा जो निर्माण कार्य शुरू करने हैं उनका प्रभारी मंत्री द्वारा शिलान्यास किया जाएगा। विकास यात्रा में हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान करने के साथ उनसे संवाद के लिए गाँव या ग्राम पंचायत स्तर पर हितग्राही सम्मेलन होंगे। विकास यात्रा का रूट प्रभारी मंत्री तय करेंगे। मंत्रीगण विकास यात्रा के पहले दो दिन सघन दौरा अवश्य करें। शासन की विकास गतिविधियों और जन-कल्याणकारी कार्यों का लाभ जनता को निश्चित समय-सीमा में बिना किसी परेशानी के मिले यह सुनिश्चित करना आवश्यक है। विकास यात्रा में हितग्राहियों से इन विषयों पर संवाद अवश्य किया जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में मंत्रीगण के साथ बैठक कर संबोधित कर रहे थे। सभी संभागायुक्त तथा जिला कलेक्टर बैठक में वर्चुअली सम्मिलित हुए।

मंत्री हितग्राहियों से संवाद आवश्यक करें

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मंत्रीगण के दौरे और विकास यात्रा प्रभावी हों, यह हमारी प्राथमिकता है। विकास यात्रा 5 फरवरी से शुरू होकर 20 फरवरी तक चलेगी, आवश्यकता होने पर विकास यात्रा की अवधि को प्रभारी मंत्री अधिकतम 25 फरवरी तक बढ़ा सकते हैं। विकास यात्रा में मंत्रीगण निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पूर्ण होने की समय-सीमा, जन-कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति और संतुष्टि स्तर के लिये हितग्राहियों से संवाद अवश्य करें। विकास यात्रा में सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा विभिन्न समाजों के प्रबुद्ध जन से भी चर्चा की जाए। विकास यात्रा में जिला मुख्यालय के साथ विकासखंड स्तर तक दौरे होंगे और सभी मंत्री लौटने के बाद अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

जिला प्रशासन को दिए गए निर्देश

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विकास यात्रा के संबंध में जिला प्रशासन को आवश्यक व्यवस्था तथा समन्वय संबंधी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों तथा जन-कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में राज्य स्तर पर जिले के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से समाधान कराया जाए। जिले के उत्कृष्ट कार्यों के प्रचार तथा अन्य स्थानों पर उनके अनुकरण को प्रोत्साहित किया जाए। शिक्षण संस्थाओं, छात्रावासों, आँगनवाड़ी, विद्युत और पेयजल व्यवस्था, जल जीवन मिशन के रेस्टोरेशन के कार्यों का निरीक्षण भी विकास यात्रा में होगा।
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, जल-संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, वन मंत्री डाँ. कुंवर विजय शाह, वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री जगदीश देवड़ा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री सुश्री मीना सिंह, किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल, खनिज साधन मंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव, लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग, पंचायत और ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव और नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री ओ.पी.एस. भदौरिया उपस्थित थे।

खेलो इण्डिया यूथ गेम्स से प्रदेश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिलेगा – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा है कि मध्यप्रदेश में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन से प्रदेश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी। भोपाल सहित इन्दौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, मण्डला, महेश्वर और बालाघाट में होने वाले आयोजनों से प्रदेश के सभी जिलों के युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर्स को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान कार्यक्रम का शुभारंभ भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में 30 जनवरी को शाम 7 बजे करेंगे। केन्द्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित होंगे। शुभारंभ कार्यक्रम में लगभग 21 हजार लोग सम्मिलित होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खेलों के प्रति दृष्टिकोण पर प्रस्तुतिकरण भी होगा। साथ ही तिरंगा लाइट शो, महाकाल और नर्मदा नदी पर विशेष प्रस्तुति होगी। सुप्रसिद्ध कलाकार अभिलिप्सा पांडा द्वारा हर-हर शंभु तथा नटराज ग्रुप द्वारा तांडव नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न अंचलों के नृत्य और ’एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ थीम पर नृत्य एवं गीत की प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक शान, नीति मोहन तथा बैनीदयाल, देशभक्ति और खेलों पर आधारित गीत प्रस्तुत करेंगे। साथ ही जी-20 देशों के ध्वजों के साथ “वसुधैव कुटुम्बकम’’ की थीम पर कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा और भव्य आतिशबाजी भी होगी।

22 जनवरी को किसान कल्याण योजना की दूसरी किश्त का करेंगे वितरण

मुख्यमंत्री श्री चौहान 22 जनवरी को किसान कल्याण योजना अंतर्गत वर्ष 2022-23 की द्वितीय किश्त का वितरण करेंगे। कलेक्टर अनुराग वर्मा ने जिला, विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में जनभागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, उप संचालक किसान कल्याण, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिये हैं।

About rishi pandit

Check Also

MP: भोजशाला में सर्वे के लिए ASI को मिला आठ सप्ताह का समय, पांच जुलाई तक कर सकेंगे काम

Madhya pradesh indore dhar bhojshala asi survey indore news: digi desk/BHN/धार/ हाईकोर्ट ने सोमवार को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *