Cyrus Mistry Died: digi desk/BHN/  टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की महाराष्ट्र के पालघर इलाके में दोपहर करीब 3 बजे एक कार दुर्घटना में मौत हो गई। पालघर पुलिस के अनुसार गाड़ी में कुल 4 लोग सवार थे। घटना में सायरस मिस्त्री समेत दो की मौत हुई है। पालघर एसपी बालासाहेब पाटिल ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे अहमदाबाद से मुंबई की यात्रा करते समय कार सूर्य नदी के ऊपर पुल पर एक डिवाइडर से टकराने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चार लोग अंदर थे, इनमें से 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और बाकी 2 को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की रविवार को पालघर के चरोटी में एक सड़क हादसे में मौत हो गई, जब उनकी मर्सिडीज अहमदाबाद से मुंबई लौट रही थी। यह हादसा सूर्या नदी पर बने पुल पर हुआ। टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष साइरस मिस्त्री के निधन पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने डीजीपी से बात की और विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। पालघर पुलिस सूत्र का कहना है कि साइरस मिस्त्री की मौत पर प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि कार चालक ने नियंत्रण खो दिया। साइरस मिस्त्री का पार्थिव शरीर कासा के एक सरकारी अस्पताल में है। पुलिस द्वारा प्रक्रिया के अनुसार एक दुर्घटना मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की जा रही है।

दुर्घटनास्थल की तस्वीरों में सिल्वर मर्सिडीज कार के टूटे हुए अवशेष दिखाई दे रहे हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब मुंबई से 135 किलोमीटर दूर पालघर के चरोटी इलाके में कार रोड डिवाइडर से जा टकराई। पालघर जिले के पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने कहा, “दुर्घटना दोपहर करीब 3.15 बजे हुई, जब मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे। दुर्घटना सूर्य नदी पर एक पुल पर हुई।

यह एक दुर्घटना लगती है। उनके साथ कार चालक समेत दो अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को गुजरात के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट कर उन्हें भारतीय उद्योग का “चमकता सितारा” करार दिया। आरपीजी एंटरप्राइजेज के अध्यक्ष हर्ष गोयनका ने मिस्त्री को “एक दोस्त, सज्जन ” के रूप में याद किया।