Raju Srivastav Health Update: digi desk/BHN/ कॉमेडी किंग के नाम से मशहूर राजू श्रीवास्तव की सेहत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है। ताजा जानकारी के अनुसार कामेडियन राजू श्रीवास्तव की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें अभी तक तक नहीं आया है। बुधवार को हार्ट अटैक आने के बाद से राजू अभी तक एम्स में वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। मेजर हार्ट अटैक आने के बाद डॉक्टरों ने धमनी की ब्लाकेज को ठीक करने के लिए स्टेंट भी डाला था। गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजू श्रीवास्तव के परिवार के लोगों के बात की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य सरकार के सभी अधिकारियों को राजू श्रीवास्तव के परिवार को हर संभव मदद देने के निर्देश भी दिए हैं।
राजू श्रीवास्तव के हार्ट में 100 फीसदी ब्लॉक
एम्स के डॉक्टरों के मुताबिक राजू श्रीवास्तव की एंजियोग्राफी हुई है, जिसमें हार्ट के एक हिस्से में 100 फीसदी ब्लॉक मिला है। डॉक्टरों का कहना है कि राजू की हालत फिलहाल नाजुक है, इसलिए उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। आपको बता दें कि दो दिन पहले वर्कआउट के दौरान राजू श्रीवास्तव अचानक बेहोश होकर गिर गए थे और इसके बाद उन्हें तत्काल एम्स में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर पहले राजू श्रीवास्तव इमरजेंसी मेडिसिन डिपार्टमेंट में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था। बाद में CCU (Cardiac Care Unit) में शिफ्ट किया गया था।
राजू श्रीवास्तव को जिस दिन हार्ट अटैक आया था, उस दिन वे होटल की जिम में वर्कआउट कर रहे थे। ट्रेडमिल पर एक्सरसाइज करते हुए उन्हें अचानक हार्ट में दर्द हुआ और वे नीचे गिर गए। राजू श्रीवास्तव को उनके जिम ट्रेनर फौरन अस्पताल लेकर गए। राजू श्रीवास्तव के फैंस जल्द ही उनके स्वस्थ होने की दुआएं कर रहे हैं।
Bhaskar Hindi News