CSK vs MI IPL 2022:digi desk/BHN/ नई दिल्ली/ रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का सामना रवींद्र जडेजा की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम पर हुआ। इस मैच में सीएसके के कप्तान ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई ने पहली पारी में तिलक वर्मा के नाबाद अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में 7 विकेट पर 155 रन बनाए। महेंद्र सिंह धौनी ने आखिरी ओवर 4 गेंद पर 16 रन बना जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। मुंबई लगातार सातवीं हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
चेन्नई को धौनी ने दिलाई रोमांचक जीत
मुंबई से मिले 156 रन से लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई को पहली ही गेंद पर डैनियल सैम्स ने झटका दिया। रुतुराज गायकवाड बिना खाता खोले वापस लौटे। बल्लेबाजी क्रम में उपर भेजे गए मिचेल सैंटनर ज्यादा कुछ नहीं कर पाए और 11 रन पर सैम्स ने उनको जयदेव उनादकट के हाथों कैच करवाया। अंबाती रायुडू के साथ मिलकर अनुभवी रोबिन उथप्पा ने टीम को संभाला और पावरप्ले तक स्कोर 46 रन पर पहुंचाया। 30 रन बनाने के बाद जयदेव उनादकट की गेंद पर उथप्पा आउट होकर वापस लौटे।
सैम्स को कप्तान रोहित शर्मा ने गेंदबाजी पर वापस विकेट लेने के लिए बुलाया और उन्होंने शिवम दुबे को 13 रन पर विकेट के पीछे कैच करवा वापस भेजा। 40 रन पर जमकर बल्लेबाजी कर रहे अंबाती रायुडू को सैम्स ने कीरोन पोलार्ड के हाथों कैच करवा टीम के अहम कामयाबी दिलाई। इसके बाद कप्तान रवींद्र जडेजा महज 3 रन बनाकर मेरिडेथ की गेंद पर तिलक वर्मा को कैच दे बैठे। 6 गेंद पर चेन्नई को 17 रन की जरूरत थी और पहली ही गेंद पर उनादकट ने प्रीटोरियस को आउट कर दिया। इसके बाद धौनी ने कमान थामी और आखिर के चार गेंद पर 16 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
मुंबई की पारी, तिलक वर्मा का अर्धशतक
सीएसके के खिलाफ मुंबई की शुरुआत काफी खराब रही और टीम के कप्तान रोहित शर्मा दो गेंदों का सामना करते हुए शून्य पर आउट हो गए। मुकेश चौधरी ने उन्हें सैंटनर के हाथों कैच आउट करवा दिया। रोहित शर्मा के बाद ईशान किशन भी शून्य पर आउट हो गए। मुकेश चौधरी ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया और किशन गोल्डन डक जबकि कप्तान रोहित शर्मा सिल्वर डक पर हुए आउट। मुकेश चौधरी ने ब्रेविस को अपना तीसरा शिकार बनाया और उन्हें 4 रन के स्कोर पर धौनी के हाथों कैच आउट करवा दिया।
सूर्यकुमार यादव भी सीएसके के खिलाफ कुछ खास नहीं कर पाए और सैंटनर की गेंद पर 32 रन बनाकर मुकेश चौधरी के हाथों कैच आउट हो गए। रितिक शौकीन को ब्रावो ने 25 रन पर राबिन उथप्पा के हाथों कैच आउट करवा दिया। किरोन पोलार्ड को तीक्ष्णा ने 14 रन के स्कोर पर कैच आउट करवा दिया। तिलक वर्मा ने 42 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इस मैच में 43 गेंदों पर 2 छक्के व 3 चौकों की मदद से नाबाद 51 रन बनाए। वहीं जयदेव उनादकट ने नाबाद 19 रन की पारी खेली। वहीं सीएसके की तरफ से तीन विकेट लेकर मुकेश चौधरी सबसे सफल गेंदबाज रहे।
चेन्नई ने दो जबकि मुंबई ने किए तीन बदलाव
इस मैच के लिए सीएसके ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो जबकि मुंबई इंडियंस ने तीन बदलाव किए। सीएसके ने मोइन अली और क्रिस जार्डन को ड्राप किया और इनकी जगह मिचेल सैंटनर और ड्वेन प्रिटोरियस को मौका दिया। रितिक शौकीन और रिले मेरेडिथ ने इस मैच के जरिए मुंबई के लिए डेब्यू किया जबकि डेनियल सैम्स की भी प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई।
सीएसके टीम की प्लेइंग इलेवन
रितुराज गायकवाड़, राबिन उथप्पा, अंबाती रायुडू, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा (कप्तान), एमएस धौनी (विकेटकीपर), ड्वेन प्रिटोरियस, ड्वेन ब्रावो, मिशेल सेंटनर, महेश थीक्षाना, मुकेश चौधरी।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), देवल्ड ब्रेविस, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, कीरोन पोलार्ड, डेनियल सैम्स, रितिक शौकीन, रिले मेरेडिथ, जयदेव उनादकट, जसप्रीत बुमराह।
Bhaskar Hindi News