Sunday , November 1 2026
Breaking News

MP Weather Alert: प्रदेश के खजुराहो में 44 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा, लू के आसार

MP Weather Update: digi desk/BHN/ भोपाल/ राजस्थान, गुजरात में फिर तापमान बढ़ने लगा है। वहां से आ रही गर्म हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में एक बार फिर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक तापमान बढ़ने का सिलसिला 19 अप्रैल तक जारी रहेगा। रविवार को ग्वालियर, दमोह, सीधी आदि शहरों में लू भी चल सकती है। उधर शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक 44 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकतर जिलों में एक डिग्री से. तक की बढ़ोतरी हुई।

देश में सबसे गर्म शहरों में तीसरे नंबर पर रहा खजुराहो

शनिवार को मध्य प्रदेश में सबसे अधिक 43.6 डिग्री से. तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। खजुराहो देश के सर्वाधिक गर्म रहे शहरों में तीसरे नंबर पर रहा। महाराष्ट्र का चंद्रपुर (44 डिग्री से.) पहले स्थान पर रहा। दूसरे स्थान पर महाराष्ट्र का अकोला (43.7 डिग्री से.) रहा। राजस्थान का बीकानेर (43.6 डिग्री से.) चौथे स्थान पर एवं जेसलमेर (43.5 डिग्री से.) पांचवे स्थान पर रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ जाने के कारण पड़ोसी राज्य राजस्थान एवं गुजरात में तपिश बढ़ गई है। वहां से आ रही हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में भी दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। उधर शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 41 डिग्री से. दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री से. अधिक रहा। यह शुक्रवार के अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री से. की तुलना में 0.7 डिग्री से. अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया, जो सामान्य रहा। यह शुक्रवार के न्यूनतम ताममान 20.6 डिग्री से. के मुकाबले 1.9 डिग्री से. अधिक रहा।

ट्रफ के कारण बन रहे आंशिक बादल

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में उत्तरी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। छत्तीसगढ़ से लेकर कर्नाटक तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इस वजह से पूर्वी मध्य प्रदेश में आंशिक बादल भी बने हुए हैं। शुक्ला के मुताबिक अभी दिन के तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला बना रह सकता है। रविवार को प्रदेश में एक-दो शहरों में लू भी चल सकती है। मंगलवार तक प्रदेश में दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री से. तक की बढ़ोतरी हो सकती है। 19 अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में प्रवेश करने पर तापमान में एक बार फिर गिरावट होने के आसार हैं।

 

About rishi pandit

Check Also

तमन्ना भाटिया ने किए महाकाल के दर्शन, मां के साथ भस्म आरती में शामिल होकर लिया आशीर्वाद

उज्जैन  बॉलीवुड एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया शनिवार सुबह धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचीं. यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *