Saturday , May 11 2024
Breaking News

MP:  मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दी नागरिकों को दीप पर्व की बधाई, बोले  कारीगरों की दीवाली भी सार्थक हो जाएगी यदि हम मिट्टी के दीप जलाएँ

सतना/भोपाल, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने दीपावली के पावन पर्व पर प्रदेश के नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि देवी महालक्ष्मी से प्रार्थना है कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सुख-समृद्धि लाएँ।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना काल में बहुत कठिनाइयाँ आई और अर्थ-व्यवस्था भी प्रभावित हुई। सभी लोगों के स्वास्थ्य की चिंता राज्य सरकार ने की। प्रदेश के सभी लोगों को कोरोना से बचाव की वैक्सीन का दूसरा डोज़ लगवाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करना ही हमारा उद्देश्य नहीं है, बल्कि सभी को सुरक्षा चक्र प्रदान करना भी है। इसके लिए जनता का सहयोग जरूरी है। मध्यप्रदेश ने गत डेढ़ वर्ष में विपरीत परिस्थितियों में विकास के अनेक क्षेत्र में कार्य कर दिखाया है। हम अनेक योजनाओं में देश में सबसे आगे हैं। दीप पर्व पर यह प्रसन्नता को बढ़ाने और हम सभी के लिए प्रेरणा का आधार भी है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा उनका संकल्प है कि अपना सम्पूर्ण सामर्थ्य देते हुए एक-एक क्षण प्रदेश के विकास के लिए लगाएंगे। पूरी क्षमता से कार्य कर प्रदेश की सेवा में संलग्न रहेंगे। कोई कसर नहीं छोड़ेंगे और समृद्ध एवं आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए प्रयासों की पराकाष्ठा करेंगे। पूरा विश्वास है कि जनता की भागीदारी, इन प्रयासों को सफल बनाएगी।

मिट्टी के दिए जलाएँ

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि चीन या अन्य देशों में बनी सामग्री और पटाखों का उपयोग न कर हमारे अपने कारीगरों के परिश्रम को सम्मान देते हुए स्वदेशी दीए और मूर्तियाँ उपयोग में लाई जाएँ। मिट्टी के दिए जलाने से हमारी त्यौहार मनाने की पुरानी परम्परा का ही निर्वाह नहीं होता बल्कि आमजन की इस पहल से छोटे-छोटे माटी शिल्पियों की जीविका को भी लाभकारी बनाने में मदद मिलती है। हमारे ऐसा करने से कुम्हारों को आर्थिक और मानसिक संबल मिलता है। कोई शक नहीं कि हमारे इन्हीं प्रयासों से कारीगरों की दीपावली भी सार्थक हो जाती है।

पंचायत राज्यमंत्री श्री पटेल ने दी दीपोत्सव पर्व की शुभकामनाएं

प्रदेश के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार), विमुक्त घुमक्कड़ एवं अर्द्ध-घुमक्कड़ जनजाति कल्याण (स्वतंत्र प्रभार), पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल ने दीपावली के शुभ अवसर पर शुभकामनाएँ देते हुए सभी के लिए सुख, शांति और विकास की मंगल-कामना की है।

श्री पटेल ने कहा कि दीपावली समृद्धि तथा प्रकाश का प्रतीक है। यह पर्व इस बात को रेखांकित करता है कि एक नन्हा-सा दीपक भी अंधकार के विरुद्ध रोशनी के प्रसार का सशक्त माध्यम है। श्री पटेल ने अपील की है, कि प्रदेशवासी पर्व के उल्लास के बीच भी कोरोना से जुड़ी सभी सावधानियों का पालन अनिवार्य रूप से करें।

राज्यपाल श्री पटेल ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली पर्व की बधाई

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई दी है। उन्होंने सभी परिवारों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना करते हुए, नागरिकों का आह्वान किया है कि दीपावली खुशियाँ बाँटने का पर्व है। इसे दूसरों के जीवन में खुशियों का प्रकाश फैलाकर मनाया जाना चाहिए।

राज्यपाल  मंगुभाई पटेल ने कहा कि दीपों का यह पर्व समृद्धि का प्रतीक है। दीपक स्वावलंबन, स्वाधीनता और स्वाभिमान का प्रतीक है। दीपावली का पर्व बताता है कि छोटे-छोटे दीप भी एकजुट होकर अंधकार को पराजित कर सकते है। उन्होंने कहा है कि ऐसे पावन अवसरों पर हम सबको अपने साथ उन्हें भी लेकर चलना चाहिए जो दुरूखी तथा जरूरतमंद हों। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि अनुशासित, शुद्ध, स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में दीपावली का उत्सव मनाएं। उत्साह, उमंग के साथ भाई-चारे और सद्भाव के माहौल को मजबूत बनाने में योगदान करें।

About rishi pandit

Check Also

मध्य प्रदेश के रतलाम लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया ने मंच से अजीबोगरीब बयान दिया

रतलाम मध्य प्रदेश के रतलाम लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया ने मंच से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *