Encounter with Naxalites: digi desk/BHN/नारायणपुर/ छत्तीसगढ़ के जिला नारायणपुर के ओरछा मार्ग पर आमदई घाट इलाके में मंगलवार सुबह नक्सलियों ने घात लगाकर आइटीबीपी की रोड ओपनिंग पार्टी (आरओपी) पर हमला कर दिया। हालांकि आइटीबीपी जवानों की जवाबी कार्रवाई केबाद नक्सली भाग गए। करीब एक घंटे चली मुठभेड़ में राजस्थान के करौली जिले के कोडिया गांव निवासी आइटीबीपी 45वीं बटालियन के जवान शिवनारायण मीणा शहीद हो गए, जबकि हिमाचल प्रदेश निवासी जवान केशवराम घायल हो गए। घायल जवान का उपचार नारायणपुर जिला अस्पताल में किया जा रहा है। इस वारदात में नारायणपुर विधायक चंदन कश्यप बाल-बाल बचे हैं।
जिला मुख्यालय से 50 किमी दूर आमदई घाट नक्सल प्रभावित इलाका है। छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष व विधायक चंदन कश्यप का इस इलाके में दौरे का कार्यक्रम था। उनकी सुरक्षा के मद्देनजर सड़क पर रोड ओपनिंग पार्टी (आरओपी) तैनात की गई थी। सुबह करीब 11 बजे चंदन कश्यप का काफिला आमदई व शिवमंदिर के बीच के रास्ते से जैसे ही गुजरा घात लगाए नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवान संभल पाते इससे पहले ही जवान शिवनारायण मीणा गोली की चपेट में आ गए। वह मौके पर ही शहीद हो गए। गोलीबारी के दौरान पहाड़ी पर चढ़कर मोर्चा लेने के प्रयास में केशवराम के पैर में गोली लग गई।
बस्तर आइजी सुंदरराज पी ने बताया कि नक्सलियों की गोलीबारी का जवाब जवानों ने बहादुरी से दिया। मौके पर करीब एक घंटे तक रह-रहकर फायरिंग होती रही। इसके बाद नक्सली भाग गए। घायल जवान की हालत सामान्य है। नक्सलियों की तलाश में अतिरिक्त फोर्स को रवाना किया गया है। एएसपी नीरज चंद्राकर ने बताया कि पूरे इलाके की घेराबंदी की गई है। नक्सलियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है।
Bhaskar Hindi News