Saturday , October 31 2026
Breaking News

शहर के मोती बंगला स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया के सामने दोपहर भीड़ के बीच युवक से 3 लाख की लूट

देवास
शहर के मोती बंगला स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया के सामने सोमवार दोपहर भीड़ के बीच सनसनीखेज वारदात हुई। बैंक से रुपये लेकर निकले पोस्ट आफिस के कर्मचारी से एक बाइक पर सवार दो युवक झपट्टा मारकर 3 लाख रुपये ले उड़े। कर्मचारी उनके पीछे भी भागा लेकिन बदमाश कालोनी की गलियों में ओझल हो गए। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू किया। देर शाम तक पुलिस की कई टीमें वारदात को लेकर पड़ताल में लगी थी।

15 लाख रुपये निकाले थे
सोमवार दोपहर करीब 1.25 बजे पोस्ट आफिस कर्मचारी श्यामसिंह ठाकुर स्टेट बैंक आफ इंडिया की मोती बंगला शाखा से 15 लाख रुपये लेकर बाहर निकला। इसमें से 12 लाख रुपये उसने कंधे पर चमड़े के बैग में रखे थे, जबकि बैग में जगह नहीं होने के कारण 100-100 के नोट में 3 लाख रुपये एक थैली में डालकर हाथ में लेकर जा रहा था।

बाइक पर सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर बैग छीना
बैंक के ठीक सामने LIC आफिस में कर्मचारी की बाइक खड़ी थी, जिसको लेने के लिए वह जैसे ही सड़क पार करने लगा इंदिरा गांधी चौराहा की ओर से लाल रंग की बाइक पर सवार दो युवक आए। सड़क के बीच ही पल्सर पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर कर्मचारी के हाथ से रुपये से भरी थैली छीनी और तेजी से बाइक भगा दी। कर्मचारी उनके पीछे दौड़ा और शोर मचाया, परन्तु बदमाश गलियों में ओझल हो गए। कर्मचारी श्यामसिंह ने बताया कि बाइक चला रहे व्यक्ति ने हेलमेट पहना था, जबकि पीछे बैठे व्यक्ति का चेहरा खुला हुआ था। घटना से वे घबरा गए थे। ठाकुर ने बताया कि उन्होंने ट्रेजरार को सूचना दी, जिसके बाद पोस्ट मास्टर व ट्रेजरार मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।

खंगाले सीसीटीवी कैमरे
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सीएसपी दीशेष अग्रवाल, टीआई कोतवाली अजय गुर्जर सहित पुलिस बल पहुंचा और फरियादी से चर्चा की। पुलिसकर्मियों ने आसपास के आफिस एवं भवनों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। साथ ही बैंक के कैमरे भी खंगाले गए। सीसीटीवी कैमरों में बाइक सवार भागते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। टीआई गुर्जर ने बताया कि आरोपितों के तलाश में टीमें लगी हुई हैं।

बेखौफ बदमाश, भीड़ में वारदात
मोती बंगला स्थित स्टेट बैंक की शाखा संकरे रास्ते पर है। यहां पूरे दिन भीड़ और रास्ता जाम जैसे हालात रहते हैं। यहीं एलआयसी कार्यालय सहित अन्य भवनों में कार्यालय हैं। पास की गली में दो बड़ी बैंक भी है। ऐसी जगह पर दोपहर में कई लोगों की मौजूदगी में हुई वारदात से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। बैंक के पास ही सघन रहवासी क्षेत्र भी है, जिससे यहां कार्यालयों में कार्यरत लोगों के साथ रहवासी भी सकते में आ गए।

About rishi pandit

Check Also

तमन्ना भाटिया ने किए महाकाल के दर्शन, मां के साथ भस्म आरती में शामिल होकर लिया आशीर्वाद

उज्जैन  बॉलीवुड एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया शनिवार सुबह धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचीं. यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *