Saturday , October 26 2024
Breaking News

National: दीवाली से पहले साय सरकार की महिलाओं को सौगात, राष्ट्रपति मुर्मु ने ट्रांसफर की महतारी वंदन योजना की 9वीं किश्त

  1. 69 लाख 68 हजार महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की गई योजना की राशि
  2. योजना के माध्यम से 5878 करोड़ 37 लाख रुपए की दी गई आर्थिक मदद
  3. राष्ट्रपति ने योजना की राशि को बच्चों की शिक्षा पर खर्च करने की दी सलाह

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना की नौवीं किश्त ट्रांसफर कर दी। इस योजना के तहत दीवाली से पहले 69 लाख 68 हजार लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में एक-एक हजार रुपए की दर से कुल 651 करोड़ 37 लाख रुपए की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की गई है। इस योजना के तहत अब तक राज्य की महिलाओं को कुल 5878 करोड़ 37 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मिल चुकी है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने इस अवसर पर योजना की लाभार्थियों ममता कश्यप और सत्यवती ध्रुव से बातचीत की, जिसमें उन्होंने योजना के लाभों के बारे में जानकारी ली। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए विभिन्न जिलों जैसे रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, बस्तर और सरगुजा से लगभग 120 महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं।

योजना की राशि शिक्षा खर्च करने की दी सलाह : राष्ट्रपति


ममता कश्यप ने राष्ट्रपति से बातचीत के दौरान बताया कि महतारी वंदन योजना से मिली राशि का उपयोग वह अपने बच्चों के लिए राशन और अन्य आवश्यक सामान खरीदने में करती हैं। राष्ट्रपति मुर्मु ने उन्हें शासन की ओर से मिलने वाली मदद का लाभ उठाकर अपने बच्चों को खूब पढ़ाने-लिखाने और उन्हें अफसर बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जब बच्चे पढ़ेंगे, तभी परिवार और समाज आगे बढ़ेगा।

राष्ट्रपति से संवाद कर अभिभूत हुई ममता

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से बात करना मेरे जीवन के सबसे अनमोल क्षणों में से एक है। मुझे देश की प्रथम महिला से बात करने का अवसर मिला, यह मेरा सौभाग्य है। ये कहना है बस्तर से पहुंची ममता कश्यप का। ममता बस्तर क्षेत्र की एक आदिवासी महिला है और महतारी वंदन योजना की हितग्राही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना से मुझे आर्थिक सुरक्षा का अहसास होता है। हर महीने मुझे मोबाइल में नोटिफिकेशन का इंतजार रहता है। इस बार मिली राशि से मैं दीवाली में बच्चों के लिए कपड़े और मिठाई खरीदूंगी।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, लोकसभा क्षेत्र रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक खुशवंत साहेब और रोहित साहू भी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 1 मार्च 2024 को की थी। इसका उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इस योजना के अंतर्गत 21 वर्ष से अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

About rishi pandit

Check Also

ऑपरेशन प्रहार-2 में तीनों जोन के अधिकारियों ने कड़ी कार्रवाई करते हुए नशे का व्यापार करने वालों को गिरफ्तार किया

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर में चलाए गए ऑपरेशन प्रहार-2 में तीनों जोन के अधिकारियों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *