- -प्रभु श्री राम की तपोस्थली चित्रकूट के मिचकुरिन गांव से जनआशीर्वाद यात्रा को दिखाई हरी झंडी
- -शिवराज सरकार के कार्यों की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जमकर की तारीफ
- -इंडिया गठबंधन और राहुल गांधी पर बरसे नड्डा
- -नर्मदा मैया को चित्रकूट की पवित्र मंदाकिनी नदी से मिलायेंगे-शिवराज
- –प्रदेश में बारिश की कमी से किसानों को चिंतित होने की जरूरत नहीं-मुख्यमंत्री
- -प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृतव में हम हर संकट से निपटेंगे




सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ हाल ही में बना घमंडिया गठबंधन हमारा धर्म और संस्कृति नष्ट करने पर तुला हुआ है। इस गठबंधन का जनता की भलाई और देशहित से कोई लेना-देना नहीं है। देश की जनता को इनसे सावधान रहना चाहिए। हमें पूर्ण विश्वास है कि प्रदेश की जनता 2023 में हो रहे विधानसभा चुनावों में शिवराज सरकार तथा 2024 के लोकसभा चुनावों में नरेंद्र मोदी की सरकार को अपना पूर्ण समर्थन और आशीर्वाद प्रदान करेगी। रविवार को उपरोक्त उद्गार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नडडा ने मझगंवा के आदिवासी बाहु्ल्य क्षेत्र मिचकुरिन में जनआशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ अवसर पर विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए व्यक्त किये। श्री नड्डा ने जनआशीर्वाद रथ यात्रा को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि भगवान राम की तपोस्थली से जनआशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम का अवसर मुझे प्राप्त हुआ। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकाल का मध्य प्रदेश और 20 साल पहले के मध्यप्रदेश का अंतर जनआशीर्वाद यात्रा के माध्यम से जन-जन को बताने के उद्देश्य को लेकर इस यात्रा का शुभारंभ किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कम बारिश के चलते चिंतित किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसान भाइयों को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्रीि श्री मोदी के नेतृत्व में हम सब मिल कर हर संकट से निपट लेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बरगी टनल का कार्य बड़ी तेजी से चल रहा है और हम शीघ्र नर्मदा के जल को चित्रकूट की पवित्र मंदाकिनी नदी में मिलायेंगे। इस मौके पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, जनसंपर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ला, राज्य मंत्री रामखिलावन पटेल, सांसद गणेश सिंह समेत प्रदेश मंत्रिमंडल के कई सदस्य, विधायक एवं पूर्व विधायक मंचासीन रहे।
-शिवराज सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकाला
जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा ने कहा कि आज से 20 साल पहले वे अखबारों में पढ़ते थे कि मध्यप्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी में गिना जाता है। पर आज उन्हें यह कहते हुए बड़ी खुशी हो रही है कि शिवराज सिंह चौहान के प्रयासों एवं उनकी सरकार ने मध्य प्रदेश को विकसित राज्य की श्रेणी में ला खड़ा किया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में पूरा देश विकास की ओर बढ़ रहा है तथा विश्व मे भारत तेजी से विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर है। श्री नड्डा ने कहा कि वर्तमान में पूरे प्रदेश में 31 मेडिकल कालेज हैं यह मध्यप्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। कुछ सालों पहले मेडिकल की सिर्फ 620 सीटें होती थीं वर्तमान में 4000 सीटें हैं। यह उपलब्धि भाजपा के कार्यकाल में ही हासिल हुई है।
-प्रदेश में सड़कों का जाल
श्री नड्डा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति की आय 1,4000 रुपये है। यह आंकड़ा अपने आप में विकास की गति को बयां करता है। उन्होंने कहा कि 2009 में प्रदेश मात्र 2000 कि.मी की सड़कें थी परंतु आज शिवराज सरकार ने पूरे प्रदेश 5000 कि.मी से अधिक सड़कों का जाल बिछा दिया है। जिससे प्रदेश आर्थिक रुप से समृद्ध हो रहा है। प्रदेश की दूसरे राज्यों से कनेक्टिविटी तेजी से बढ़ी है। इसके लिए मैं शिवराज सिंह चौहान को बधाई देता हूं।
-मध्यप्रदेश नंबर एक पर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 2009 में प्रदेश में औद्योगिकीकरण का प्रतिशत मात्र 0.6 था जो 2023 में बढ़ कर 23 प्रतिशत हो गया है। प्रदेश में उद्योग स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। निवेश की रफ्तार भी अच्छी-खासी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि जब मैं मध्यप्रदेश की बात करता हूं तो मध्यप्रदेश स्वच्छता में नंबर 1 पर खड़ा है। मुझे खुशी है कि जब मैं मध्यप्रदेश की बात करता हूं तो स्वास्थ्य में मध्यप्रदेश नंबर एक पर खड़ा है। बच्चों की शिक्षा, महिलाओं के सशक्तिकरण का बात करता हूं तो मुझे खुशी है कि मध्यप्रदेश नंबर एक पर है। निश्चित तौर पर समाज कल्याण की योजनाओं को लागू करने और गरीब जनता के हितों का ध्यान रखने के मामले में भी मध्यप्रदेश नंबर एक पर खड़ा है।
-जनता-जनार्दन का आशीर्वाद हमारे लिए महत्वपूर्ण
श्री नड्डा ने सभा स्थल पर मौजूद जनसमुदाय से अपील करते हुए कहा कि जनता का आशीर्वाद पार्टी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है इसी लिये मझगंवा के इस छोटे से गांव मिचकुरियन को जनआशीर्वाद यात्रा के लिए चुना गया। भाजपा हमेशा सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी रही है। उसके लिए ग्रामीण भी उतने ही महत्वपूर्ण है जितना कि शहर में रहने वाले लोग। हमारी पार्टी ने कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। पिछले कई वर्षों की तपस्या, परिश्रम, संघर्ष एवं विकास की गाथा को जनता तक पहुंचाने का संकल्प लेकर जनआशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ किया जा रहा है। 10,500 कि.मी का सफर तय करके 5 स्थानों व 230 विधानसभा क्षेत्रों से निकाली जाने वाली जनआशीर्वाद यात्रा में जो काम हमने गरीबों के लिए किया, जो कार्य समाज कल्याण के लिए किये, युवाओं के उत्थान, महिलाओं के सशक्तिकरण, एवं दीन हीनों की सहायता के प्रदेश सरकार ने जो कार्य किये उन कार्यों को जन-जन तक पहुंचा कर जनता का आशीर्वाद लिया जायेगा। हमारा संकल्प है कि पार्टी को जनता का भरपूर स्नेह व आशीर्वाद प्राप्त होगा।
चंद्रयान-3 और आदित्य एल-1 के लिए इसरो को बधाई
श्री नड्डा ने मंच से ही उपस्थित जनसमुदाय एवं इसरो के वैज्ञानिकों को चंद्रयान-3 और आदित्य एल-1 की सफल लांचिग के लिए बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत ने चांद से लेकर सूरज तक सफर तय कर लिया है। वैज्ञानिकों की इस सफलता पर पूरा विश्व हैरान है। आगे आने वाले समय में और भी इसी तरह की सफलताएं भारत के वैज्ञानिक प्राप्त कर देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
जनता का आशीर्वाद लेना हम सब का सौभाग्य-मुख्यमंत्री
इसके पूर्व प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने उपस्थित जनसमुदाय से जय श्री राम के नारे लगवाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की धरती भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा जी का अभिनंदन, स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि जनता से आशीर्वाद लेना हमारा सौभाग्य है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बीते सालों में प्रदेश और देश में भाजपा की सरकार ने जनकल्याण के जो कार्य किये हैं वे इसके पहले कभी नहीं हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले चुनाव में भी जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिलेगा। उन्होने कहा कि कांग्रेस भाजपा के खिलाफ भ्रम फैलाने का काम कर रही है परंतु कांग्रेस के इस दुष्प्रचार को जनता अच्छी तरह समझती है। समय आने पर वह इसका जवाब जरूर देगी।
जनता इतिहास दोहरायेगी
प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह ने आम जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जनता ने 2003 से भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद प्रदान किया और यह सिलसिला लगातार चला आ रहा है। 2018 में भी विंध्य से उन्हें भरपूर आशीर्वाद प्रदान किया। यह क्रम चलता रहेगा और आगे आने वाले चुनावों में भी जनता का आशीर्वाद पार्टी को मिलता रहेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मंच से आम जनता को जनकल्याणकारी योजनााओं की जानकारी देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने हमेशा जनहित में काम किया है और आगे भी करती रहेगी। मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए कहा कि लाड़ली बहनें किसी प्रकार की चिंता न करें भाई उनके साथ है। जो बहनें लाड़ली बहना योजना का लाभ लेने में छूट गई हैं। उनके लिए प्रदेश सरकार फिर से योजना शुरू करेगी।
-मझगंवा वालों दिल पर हाथ रख कर बताना
मिचकुरिन के मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री श्री मोदी की चिरपरिचित शैली में मझगंवा वासियों से पूछा कि आप सब दिल पर हाथ रख कर सच्चे मन से बताओ कि जितने जनहित के कार्य मोदी सरकार के कार्यकाल में हुए हैं उतने कांग्रेस के समय में हुए थे क्या? प्रदेश की भाजपा सरकार ने कभी प्रदेश की जनता के साथ अन्याय किया है क्या.? इसके जवाब में उपस्थित जनसमुदाय ने उद्घोष कर कहा कि नहीं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान जय श्रीराम, जय हनुमान, शारदा माई की जय के जयकारे भी लगाये।
-कमलनाथ पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सिंह पर भी जुबानी हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि कमलनाथ करप्टनाथ हो गये हैं। कमलनाथ के कार्यकाल में प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम था। बिजली-पानी और सड़क की समस्याओं से जनता बेहाल थी। जब से भाजपा सरकार आई तभी से उसने इन बुनियादी समस्याओं को हल करने के प्रयास शुरू किये और सफलता पाई। मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों से पूछा कि क्या कांग्रेस ने कभी उनके खातों में पैसे डाले थे क्या? इस तरह के कई सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने जनसमुदाय से तालियां बटोरीं।
–गौरीसागर बांध का काम तेज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मंच से कहा कि बरौंधा के पास गौरीसागर बांध का काम तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस बांध के भूमिपूजन में वे नहीं पहुंच पाये। परंतु बांध का काम तेजी से चल रहा है। इस बांध से क्षेत्र के किसानों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि नागौद के रास्ते नर्मदा का पानी भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट स्थित पवित्र मंदाकिनी नदी में मिलाया जायेगा। इससे नर्मदा मैया और मंदाकिनी का संगम होगा। उन्होंने कहा कि बरगी नहर का कार्य तेजी से चल रहा है।
-बिनु सत्संग विवेक न होई
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंच के पास आसीन साधु-संतो को प्रणाम करते हुए कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि आज के इस कार्यक्रम में साधु-संत भी उपस्थित हैं। उनका आशीर्वाद पार्टी को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सब भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट का पुण्य प्रताप है कि साधुओं का सत्संग पार्टी के मंच को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि रामचरित मानस में कहा कहा गया है कि –
बिनु सत्संग विवेक न होई।
राम कृपा बिनु सुलभ न सोई।।
संतो का का संग और उनका आशीर्वाद भाजपा के साथ है। यह हम सभी के लिए भगवद प्रसाद से कम नहीं है।
-मोदी जी के नेतृत्व में प्रदेश का विकास-बी.डी शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष बी.डी शर्मा ने इस अवसर पर शिवराज सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिवराज जी ने प्रदेश को बीमार प्रदेश से बाहर निकाला और विकसित प्रदेश में परिवर्तित कर दिया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के रास्ते पर अग्रसर है। श्री मोदी देश ही नहीं दुनिया के नेता हैं।