Thursday , October 29 2026
Breaking News

योगी सरकार का बड़ा प्लान, जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगी ‘सिंगापुर सिटी’

लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सिंगापुर की तकनीकी और उत्तर प्रदेश का सामर्थ्य मिलकर वैश्विक विकास की नई कहानी लिखेंगे। उन्होंने कहा कि 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत दुनिया की अग्रणी और सशक्त अर्थव्यवस्थाओं में स्थापित हुआ है। वहीं, पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश भी बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर देश के ग्रोथ इंजन के रूप में उभरा है।

बुधवार को लखनऊ में सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के नेतृत्व में आए निवेशकों के 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में लाजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर, डाटा सेंटर, ग्रीन एनर्जी, अर्बन प्लानिंग और हास्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में निवेश की इच्छा व्यक्त की।

बीती फरवरी में सिंगापुर यात्रा के दौरान वहां के राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्नम और प्रधानमंत्री लारेंस वोंग से हुई मुलाकातों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौरान लगभग 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश के समझौतों पर सहमति बनी थी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब लक्ष्य निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारकर उत्पादन शुरू कराने का है।

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल के समक्ष गौतमबुद्धनगर में नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निकट 'सिंगापुर सिटी' और हाई-टेक इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने छह प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया। इनमें जेवर, एक्सप्रेसवे और फ्रेट कारिडोर के माध्यम से मल्टीमोडल लाजिस्टिक्स व वेयरहाउसिंग का विकास, सेमीकंडक्टर फैब यूनिट और इलेक्ट्रानिक्स जैसी हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग, डाटा सेंटर, क्लाउड सर्विसेज व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा सोलर, ग्रीन हाइड्रोजन, वेस्ट मैनेजमेंट और वाटर रिसाइक्लिंग जैसी तकनीकी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 21 प्रतिशत खाद्यान्न उत्पादन और सिंगापुर के उच्च गुणवत्ता वाले फूड पैकेजिंग एवं एक्सपोर्ट माडल के बीच साझेदारी की व्यापक संभावनाएं हैं। लखनऊ, स्टेट कैपिटल रीजन और नई टाउनशिप के सुनियोजित विकास में सिंगापुर की विश्वप्रसिद्ध अर्बन प्लानिंग विशेषज्ञता का लाभ उठाया जा सकता है। वहीं औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने ताज होटल में सिंगापुर के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर राज्य में निवेश का प्रस्ताव दिया।

पैकेजिंग हब के लिए मिली भूमि, सिंगापुर की दो कंपनियों के साथ एमओयू
मुख्यमंत्री ने मेसर्स ग्रेटर नासिक इन्फ्राकान प्राइवेट लिमिटेड को पात्रता प्रमाणपत्र प्रदान किया। सिंगापुर आधारित यूनिवर्सल सक्सेस एंटरप्राइजेज समूह से जुड़ी यह कंपनी यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-8डी में 775 करोड़ रुपये की लागत से 50 एकड़ भूमि पर ''यूनिवर्सल पैकेजिंग हब'' स्थापित करेगी।

वहीं, एग्रीकार्प इंटरनेशनल और ब्लू प्लैनेट एनवायरनमेंटल साल्यूशंस के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया। कंपनी प्रदेश में करीब 350 करोड़ के अनुमानित निवेश से नोएडा सेक्टर-145 में लगभग 7.5 लाख टन कचरे के उपचार और सहारनपुर में 350 टन प्रतिदिन क्षमता वाले फ्रेश वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना पर कार्य करेगी।

About rishi pandit

Check Also

राजस्थान बोर्ड के सिलेबस में बड़ा बदलाव, अगले सत्र से 10वीं-12वीं के छात्र पढ़ेंगे AI

अजमेर  राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अपने सिलेबस में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। बोर्ड …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *