Sidharth Shukla Dies: digi desk/BHN/ एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला का गुरुवार सुबह हार्ट अटैक से निधन हो गया। उन्हें मुंबई के कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों का कहना था कि सिद्धार्थ को जब हॉस्पिटल लाया गया। तब उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद उनका पोस्टमार्टम शुरू हुआ। शाम 7 बजे सिद्धार्थ शुक्ला का पोस्टमार्टम पूरा हुआ। अब अभिनेता का अंतिम संस्कार कल (शुक्रवार) सुबह होगा। सिद्धार्थ के परिवार को सुबह 11 बजे हॉस्पिटल द्वारा शव सौंपा जाएगा। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए ब्रम्हाकुमारी के मंदिर में रखा जाएगा।
शुक्ला की मौत से उनके फैंस और कलाकारों में शोक की लहर है। सिद्धार्थ शुक्ला बिग बॉस 13 और खतरों के खिलाड़ी 7 के विजेता थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। वहीं टीवी में डेब्यू शो ‘बाबुल का आंगन छूटे ना’ से की। बाद में वह ‘जाने पहचाने से..ये अजनबी’, ‘लव यू जिंदगी’ जैसे सीरियल में नजर आए। लेकिन ‘बालिका वधू’ ने उन्हें रातों रात स्टार बना दिया। उन्होंने झलक दिखला जा 6, फियर फैक्टर-खतरों के खिलाड़ी 7 और बिग बॉस 13 रियलिटी शो में भी भाग लिया। साल 2014 में सिद्धार्थ ने फिल्म ‘हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया’ से बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया था। बिग बॉस जीतने के बाद सिद्धार्थ शुक्ला, शहनाज गिल के साथ कई म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुके हैं।
Bhaskar Hindi News