
सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव का सरल और सहज अंदाज अकसर देखने को मिलता है। चित्रकूट प्रवास के दौरान भी उन्होंने अपनी सरलता और सहजता का परिचय देते हुए जमकर सुर्खियां बटोरी। भगवान कामतानाथ की परिक्रमा करते हुए मुख्यमंत्री एक चाय की दुकान पर रुक गए। लाडली बहन से पूछा की क्या मैं चाय बना लूं? बहन ने हां कही और बैरिकेट पारकर मुख्यमंत्री दुकान जा पहुंचे और चाय बनाने में जुट गए। मुख्यमंत्री का यह अंदाज देखकर परिक्रमा मार्ग में उनके साथ चल रहे काफिले के लोग हंस पड़े। हालांकि मुख्यमंत्री ने चाय बनाना प्रारंभ कर दिया और चाय पकाने के बाद पहली प्याली क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार को पकड़ा दी। यह वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है लोग मुख्यमंत्री मोहन यादव की वीडियो को देखकर खासा शेयर कर रहे हैं।
इससे पहले किया था लाठी कला का प्रदर्शन
चित्रकूट प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने कई ऐसे काम किए जिन्हें देखकर कहा जा सकता है कि वह कितने साधारण और जमीनी व्यक्ति हैं। चाय बनाने से पहले मुख्यमंत्री ने पीली कोठी के समीप स्थित एक आश्रम शाला के छात्रों को लाठी कला से भी परिचित कराया था। मुख्यमंत्री ने बच्चों के सामने लाठी भांज कर यह बताया कि इस कला के माध्यम से भी लोग अपना बचाव और सुरक्षा कर सकते हैं।
मुख्य मंत्री डॉ मोहन यादव ने ग्रामोदय संदेश विशेषांक को रुचि पूर्वक देखा और पढ़ा

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के दो दिवसीय चित्रकूट प्रवास के अवसर पर महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित ग्रामोदय संदेश विशेषांक आज सियाराम कुटीर में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को ग्रामोदय संदेश के संपादक डॉ जयप्रकाश शुक्ल ने भेंट किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने ग्रामोदय संदेश को रूचि पूर्वक देखा और पढ़ा। इस अवसर पर दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन मौजूद रहें।
ग्रामोदय संदेश न्यूज लेटर के संपादक डॉ जयप्रकाश शुक्ल, जनसंपर्क अधिकारी, ग्रामोदय विश्वविद्यालय ने बताया कि विशेषांक में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के 10 महीने के सुशासन के नवीन स्वरूप पर आलेख, कुलगुरु प्रो भरत मिश्रा की समसामयिक संपादकीय टिप्पणी , भारतीय ज्ञान परंपरा और एनईपी टास्क फोर्स के प्रयासों का उल्लेख, सीएमसीएलडीपी के प्रशिक्षण उन्मुखीकरण कार्यक्रम, कुलगुरु प्रो भरत मिश्रा के ड्रीम प्रोजेक्ट ग्राम दर्शन, ग्रामोदय विश्वविद्यालय से मुख्य मंत्री डॉ मोहन यादव के पुराने रिश्तों तथा 12वीं दीक्षांत समारोह की विशिष्ट झलकियां को चित्रों और न्यूज आइटम के रूप में बेहतर ढंग से समाविष्ट किया गया है।
Bhaskar Hindi News