ब्यावरा। राजगढ़ जिले के ब्यावरा विधायक गोवर्धन दांगी का मंगलवार सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। 62 साल के दांगी 2018 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से उम्मीदवार थे। 826 वोट से जीतकर वे पहली बार विधायक निर्वाचित हुए थे, उनका एक सप्ताह से मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसके पूर्व सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया था। 8 सिंतबर को यहां हालत बिगड़ने पर उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजा गया था। मंगलवार शाम मोर्चाखेड़ी गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

जमीनी नेता थे दांगी

दांगी कांग्रेस के जमीनी नेता थे। उन्होंने 1977 में ब्यावरा महाविद्यालय के सह सचिव के रूप में निर्वाचित होकर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी। इसके बाद वह कांग्रेस पार्टी में सक्रिय रहे और 1995 में जनपद सदस्य बने। 1999 में उन्हें ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बनाया। 2010 से 2015 तक वह ब्यावरा मंडी के उपाध्यक्ष भी रहे। विधानसभा चुनाव 2018 के पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने नर्मदा परिक्रमा की थी, जिसमें गोवर्धन दांगी पूरे 6 माह उनके साथ रहे। दांगी के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, पूर्व सीएम कमल नाथ, पूर्व मंत्री जयवर्द्धन सिंह, जीतू पटवारी व राजेंद्र शुक्ला ने ट्वीट कर शोक संवेदना व्यक्त की है।