Saturday , April 20 2024
Breaking News

Satna: जीवन का हर क्षण हमें शिक्षा देकर परिपक्व बनाता है- कलेक्टर

प्रदेश की मेरिट सूची में आये मेधावी छात्रों की हुआ सम्मान

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी प्रमाण पत्र परीक्षा वर्ष 2021-22 की प्रादेशिक प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले सतना जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान सोमवार को जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा हर्षोल्लास और उत्साह पूर्वक धूमधाम से किया गया। इस मौके पर कलेक्टर अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव, अपर कलेक्टर राजेश शाही, जिला शिक्षा अधिकारी नीरव दीक्षित सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दी और उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मेधावी छात्रों के माता-पिता एवं संस्था के प्राचार्य तथा गुरुजनों को भी सम्मानित किया गया।

कलेक्टर अनुराग वर्मा ने मेधावी छात्र-छात्राओं से उनकी परीक्षा की तैयारियों के संबंध में अनुभव की जानकारी लेते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर ने कहा कि जीवन का हर स्टेप हमें सीखने का अवसर देता है और परिपक्व बनाता है। उन्होंने सभी मेधावी बच्चों के अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परीक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों के साथ-साथ उनके माता-पिता और शिक्षकों की भी मेहनत महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने शारीरिक रूप से दिव्यांग मेधावी छात्रा अनुष्का को आगे की पढ़ाई के लिए हर संभव सहयोग करने का भरोसा दिया।

इन मेधावी बच्चों ने प्रदेश स्तर पर गौरव हासिल किया-पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह

पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने कहा कि सतना जिले को गौरवान्वित करने वाले इन मेधावी बच्चों ने प्रदेश स्तर पर गौरव हासिल किया है। उन्होंने कहा कि मेधावी बच्चों के आत्मविश्वास और संस्कार देखकर लगता है कि यह बच्चे जीवन में बहुत तरक्की करेंगे। उन्होंने बच्चों से कहा कि उनमें अनंत क्षमताएं हैं। यह कार्यक्रम यादगार होने के साथ आप सब के भविष्य के प्रशस्त मार्ग के लिए प्रेरणा भी देगा।

कोई भी क्षेत्र कम नहीं होता, जरूरत अपना प्रयास क्षेत्र में शत-प्रतिशत करने की- डॉ राव 

सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव ने कहा कि वे स्वयं अपने प्रदेश की हाई स्कूल की मेरिट में रहे और जिले के जिला मजिस्ट्रेट से पुरस्कृत होने पर आईएएस बनने की प्रेरणा भी मिली। सीईओ ने कहा कि कोई भी क्षेत्र कम नहीं होता, जरूरत अपना प्रयास क्षेत्र में शत-प्रतिशत करने की होती है। अपर कलेक्टर राजेश शाही ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आगाज अच्छा है, लेकिन यह शुरुआत है। आप सबके लिए सितारों से आगे जहां और भी है। कार्यक्रम में सहायक संचालक शिक्षा एनके सिंह और एडीपीसी गिरीश अग्निहोत्री भी उपस्थित थे।

हाई स्कूल की प्रावीण्य सूची के छात्र-छात्रायें सम्मानित

मेधावी छात्र सम्मान समारोह में अशासकीय ब्लू वैल्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैहर की छात्रा कु. सुचिता पांडेय आत्मजा श्री सत्यनारायण पांडेय को हाई स्कूल परीक्षा में 496 अंक प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार हाई स्कूल की परीक्षा में राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में 491 अंक हासिल कर छठवां स्थान बनाने वाले सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कृष्ण नगर के छात्र निष्कर्ष तिवारी आत्मज श्रीकांत तिवारी, 490 अंक हासिल कर सातवां स्थान बनाने वाले शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना के छात्र अनुज श्रीवास्तव आत्मज योगेंद्र श्रीवास्तव एवं सरस्वती शिक्षा मंदिर हाई स्कूल इटौरा सोहावल के दिव्यांश अग्निहोत्री आत्मज विनोद कुमार अग्निहोत्री, 489 अंक हासिल कर आठवां स्थान बनाने वाले अशासकीय ब्लू वैल्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैहर की छात्रा कु. रक्षा तिवारी आत्मजा भारत भूषण तिवारी एवं सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल रामनगर की कु. लक्ष्मी विश्वकर्मा आत्मजा जगदीश विश्वकर्मा को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

हायर सेकण्डरी के मेरिट छात्र भी पुरुस्कृत

माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश की हायर सेकेंडरी परीक्षा 2022 में प्रदेश की मेरिट सूची में आये दो छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया। इनमें 468 अंक हासिल कर दसवां स्थान बनाने वाली शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरपाटन की छात्रा कु. खुशी पाठक आत्मजा दिनेश कुमार पाठक और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 के छात्र आयुष केसरवानी आत्मज प्रकाश केसरवानी को सम्मानित किया गया।

कठिन परिस्थितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अनुष्का भी सम्मानित

दुर्घटना में दिव्यांग हुई लिटिल फ्लावर पब्लिक हाई स्कूल सतना की छात्रा कु. अनुष्का गुप्ता ने कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और प्राइवेट छात्र के रूप में हाई स्कूल की परीक्षा में 76 प्रतिशत यानी 500 के पूर्णांक में 380 अंक अर्जित करने पर उनके हौसले का सम्मान किया गया। अनुष्का गुप्ता अपने पिता प्रमोद गुप्ता के साथ व्हीलचेयर पर समारोह में शामिल हुई। जहां कलेक्टर अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने उनकी सीट पर जाकर सम्मानित किया।
वर्ष 2017 में दुर्घटना का शिकार हुई अनुष्का ने हार नहीं मानी और अपनी पढ़ाई जारी रखी। सहयोगियों के नोट्स, ऑनलाइन कोचिंग और लेखक की सहायता से उन्होंने 76 प्रतिशत अंक हासिल किए। अनुष्का अपनी आगे की पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं। कलेक्टर और जिला प्रशासन ने उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिया है। अनुष्का गुप्ता की सफलता में सहयोग करने वाली कु. शर्मिष्ठा द्विवेदी और प्रतिष्ठा द्विवेदी दोनों बहनों और परीक्षा में लेखिका रिया सिंह को भी सम्मानित किया गया।

लाड़ली उत्सव में भी मेधावी छात्रायें हुईं सम्मानित

राज्य शासन के महिला बाल विकास विभाग द्वारा 2 मई से 11 मई तक पूरे प्रदेश में लाडली लक्ष्मी उत्सव मनाया जा रहा है। उत्सव के शुभारंभ में लाडली लक्ष्मी दिवस पर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की परीक्षा में प्रादेशिक प्रावीण्य सूची में अपना नाम दर्ज कराने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कलेक्टर अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव, अपर कलेक्टर राजेश शाही, जिला कार्यक्रम अधिकारी सौरभ सिंह ने सभी मेधावी छात्राओं को नकद राशि के चेक और प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत किया। बेटियों को प्रोत्साहन स्वरूप कलेक्टर अनुराग वर्मा ने हाई स्कूल की परीक्षा में प्रादेशिक मेरिट सूची में प्रथम हासिल करने वाली सुचिता पांडेय को 15 हजार रुपये और हायर सेकेंडरी की प्रदेश की मेरिट सूची में दसवां स्थान हासिल करने वाले खुशी पाठक को 10 हजार और हाई स्कूल की मेरिट सूची में स्थान हासिल करने वाली रक्षा तिवारी, लक्ष्मी विश्वकर्मा, अनुष्का गुप्ता को 5-5 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसी प्रकार कु. अनुष्का गुप्ता को सहयोग करने वाली दोनों बहनों शर्मिष्ठा और प्रतिष्ठा द्विवेदी तथा रिया सिंह को भी पुरस्कृत किया गया।

About rishi pandit

Check Also

Satna: 5 अपराधियों के विरुद्ध बाउण्ड ओव्हर और 3 के विरुद्ध की गई जिला बदर की कार्यवाही

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ सतना जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, भय-रहित वातावरण में लोकसभा निर्वाचन 2024 के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *