Friday , April 19 2024
Breaking News

Uamria: बलात्कार के आरोपी ने एसआई को घोंपा चाकू, आपरेशन के बाद हालत स्थिर, बहादुर एएसआई ने 3 घंटे हाथों से थामे रखा चाकू

उमरिया,भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले के नौरोजाबाद थाने में पदस्थ एएसआई वेद प्रकाश सिंह को दुष्कृत्य के एक आरोपी ने सोमवार की शाम उस समय चाकू घोंप दिया जब पुलिस उसे पकड़ने गई थी। खतरनाक खंजर के पेट में घोंपे जाने के बाद बिना विचलित हुए बहादुर एएसआई वेद प्रकाश ने उसे तीन घंटे तक अपनें हाथों से थामे रखा। बाद में यह चाकू शहडोल में ऑपरेशन करके निकाला गया। एएसआई की बहादुरी की प्रशंसा एडीजीपी डीसी सागर ने भी की है। ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए शहडोल जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ जीएस परिहार ने बताया कि चाकू को निकालने के लिए रात में ही ऑपरेशन कर दिया गया था और घायल एएसआई को आईसीयू में भर्ती कर दिया गया था। हालांकि मंगलवार की सुबह एएसआई को प्राईवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था।

लंबा समय और असहनीय पीड़ा

एएसआई वेद प्रकाश के साथ यह घटना सोमवार की शाम लगभग 8ः00 बजे हुई। घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी प्रमोद उर्फ गोलू कोल पिता रमेश कोल ने इस घटना को अंजाम दिया था। घटना नौरोजाबाद के भुंडी टोला में हुई थी और घटना के बाद से ही वेद प्रकाश ने चाकू को अपने हाथ में थाम रखा था। चाकू को हाथ में थामे-थामे ही वह नौरोजाबाद अस्पताल पहुंचे। घटना के बारे में जानकारी देते हुए नोरोजाबाद पुलिस ने बताया कि वेद प्रकाश की हालत गंभीर बनी हुई थी और डॉक्टरों ने उन्हें उपचार के लिए शहडोल जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। नौरोजाबाद में प्राथमिक उपचार करने की कोई गुंजाइश नहीं थी, क्योंकि एएसआई के पेट में चाकू काफी अंदर तक घुसा हुआ था जिसे नहीं निकाला जा सका था। चाकू घुपे ही उन्हें शहडोल जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया गया है कि घटना में एसआई का काफी खून बह गया है और उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई थी इसके बाद भी उन्होंने चाकू पर से अपनी पकड़ ढीली नहीं छोड़ी।

शहडोल में हुआ ऑपरेशन
एएसआई को शहडोल लाने की जानकारी पहले ही जिला अस्पताल पहुंच गई थी। एडीजीपी डीसी सागर और शहडोल एसपी अवधेश गोस्वामी ने पहले ही जिला अस्पताल में तैयारियां करा ली थी। जैसे ही एएसआई को शहडोल लाया गया वैसे ही उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया और उनका ऑपरेशन करके पेट में घुपा चाकू निकाल दिया गया। इस बारे में जानकारी देते हुए सिविल सर्जन जीएस परिहार ने बताया कि चाकू की बनावट काफी खतरनाक थी जिसकी वजह से उसे निकालने में काफी कठिनाई डॉक्टरों को करनी पड़ी। उन्होंने यह भी बताया कि अब एएसआई की हालत खतरे से बाहर है।
फरार था दुष्कृत्य का आरोपी
जिस आरोपी ने एएसआई को चाकू मारा वह दुष्कृत्य का अरोपित है। इस बारे में जानकारी देते हुए नौरोजाबाद पुलिस ने बताया कि मुंडी खोली निवासी प्रमोद उर्फ गोलू पिता रमेश कोल के खिलाफ धारा 376 और पाक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्घ है। यह आरोपी पिछले काफी दिनों से फरार था। जिसका सुराग मिलने के बाद एएसआई पुलिस दल के साथ आरोपी को पकड़ने मुंडी खोली गए थे। मुंडी खोली पहुंचते ही जब एएसआई ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने एएसआई के पेट में चाकू घोंप दिया और घटनास्थल से भाग गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और से जल्दी गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

About rishi pandit

Check Also

Satna: जिला निर्वाचन अधिकारी ने लिया ईवीएम कमीशनिंग कार्य का जायजा

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ लोकसभा निर्वाचन को दृष्टिगत रखते कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *