अनूपपुर/ बिजुरी,भास्कर हिंदी न्यूज़/थाना से लगभग 12 किलोमीटर दूर ग्राम छतई में एक बुजुर्ग महिला का शव गांव से नदी जाने वाले रास्ते में रक्तरंजित अवस्था में शनिवार दोपहर को मिला था। महिला के शव के ऐसा अनुमान लगाया गया कि धारदार वस्तु से गले और पीठ के हिस्सों में कई बार प्रहार कर उसकी हत्या कर दी गई थी। मृतका का नाम चंदा बाई पत्नी मोहन केवट 55 निवासी ग्राम छतई है। हत्या की वारदात को अंजाम मृतका के सगे भांजे ने जमीनी विवाद पर हुई शिकायत से नाराज होकर दिया। मामी की हत्या के आरोप में पुलिस ने आरोपी अशोक पुत्र भोला केवट 39 निवासी ग्राम छतई को गिरफ्तार कर लिया है।
बिजुरी पुलिस ने बताया कि आरोपी ने शनिवार दोपहर करीब दो बजे हत्या की वारदात को अंजाम दिया। मृतका केवई नदी नहा कर जब वापस अकेले घर की तरफ जा रही थी तभी मुक्तिधाम के समीप आरोपी ने पीछे से पहले बांस के डंडे से प्रहार किया जिससे महिला जमीन पर गिर गई फिर साथ में लाएं कुल्हाड़ी से आरोपी अशोक ने गर्दन और पीठ पर कई बार प्रहार किया जिससे महिला वहीं ढेर हो गई। मामले की जांच कर रही टीम ने पाया कि मृतका चंदाबाई का अपने भांजे अशोक केवट के साथ जमीनी विवाद है और पिछले वर्ष चंदा बाई ने अपने जमीन से मिट्टी निकाले जाने की शिकायत खनिज विभाग से की थी। अशोक के विरुद्ध अवैध कोयला उत्खनन का प्रकरण भी पंजीबद्ध हुआ था। अशोक अपनी मामी चंदाबाई से दुश्मनी रख रहा था इसी आपसी रंजिश के कारण अशोक केवट ने मौके का फायदा उठाकर शनिवार को वारदात को अंजाम दे डाला।